Friday , April 19 2024

अंतिम समय में कांग्रेस ने झोंकी ताकत, 17 बागियों को किया बाहर

चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी। साथ ही बागियों पर भी अनुशासन का चाबुक चलाया। इसके तहत कांग्रेस ने 17 बागियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अंतम समय में प्रदेश कांग्रेस का वार रूम सक्रिय हो गया है। चुनाव प्रचार को गति देने को फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों को नगर निगमों के महापौर, नगरपालिका परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय किया गया है। 

पार्टी की ये छोटी-छोटी टीम घर-घर पहुंचकर निकायों में छोटी सरकार के ट्रिपल इंजन के रूप में भाजपा के प्रचार की काट में जुट गई हैं। निकाय चुनाव के लिए मतदान में महज दो दिन शेष रह गए हैं। कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। शहरी मतदाताओं में मोदी असर के साथ ही राज्य में प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार की चुनावी रणनीति की काट के लिए वार रूम ने अब खास रणनीति को अंजाम देना शुरू कर दिया है। 

पार्टी नगर निगमों और नगरपालिकाओं से अधिक से अधिक सीटें हासिल करने को हाथ-पांव मार रही है। इसकी वजह विधानसभा में भाजपा के भारी बहुमत को शहरों में मजबूत उपस्थिति का अहसास कराना है। इसके लिए कांग्रेस का सबसे ज्यादा भरोसा बूथों पर है। 

बूथों को मजबूत करने के लिए पार्टी ने अनुभवी क्षेत्रीय नेताओं के साथ युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआइ समेत अन्य विभागों-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को बूथों में प्रचार को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन स्थित नियंत्रण कक्ष भी वार रूम की योजना को अमलीजामा पहनाने पर नजर रखे हुए है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी का जोर बूथों में प्रचार को मजबूत करने पर है। इसके लिए फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को भी जिम्मा सौंपा गया है। भाजपा के ट्रिपल इंजन के औचित्य पर कांग्रेस ने जिस तरह सवाल खड़े किए हैं, मतदाताओं को वह खूब भा रहा है।

कांग्रेस ने 17 बागियों को दिखाया बाहर का रास्ता

नगर निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ खम ठोक रहे 17 बागियों को कांग्रेस ने छह साल के लिए बाहर का रास्ता दिखा दिया। पार्टी ने अन्य कई नेताओं से भी स्पष्टीकरण तलब किया है। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने नगर निकाय चुनाव में जिला काग्रेस कमेटियों एवं प्रत्याषियों से मिली शिकायतों के बाद पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने एवं विरोध में कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का सिलसिला जारी रखा हुआ है। 

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में निष्कासित किए जाने वालों में देहरादून से ट्विंकल अरोड़ा, रेखा अरोड़ा ऋषिकेश से वार्ड से दीप शर्मा, योगेश शर्मा, विकास अग्रवाल, पुष्पा मिश्र एवं तारा शाह, वार्ड 4 से अजय शर्मा वार्ड 6 से चेतन चैहान, वार्ड 13 से श्रीमती मीनाक्षी बिरल, ममता रमोला, गुरविंदर सिंह, निशा भंडारी, मधु मिश्रा, नवीन नौटियाल, राघवेंद्र भटनागर, नगर पंचायत, लण्ढौरा से शहजाद खान को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से छह साल के लिए निकाला गया है। 

धस्माना ने बताया कि कई अन्य लोगों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वर्तमान हालात कांग्रेस के पक्ष में : प्रीतम सिंहकांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि केंद्र का साढ़े चार साल और प्रदेश सरकार के पौने दो साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। जनता फिर से कांगे्रस की तरफ देख रही है। मसूरी के गांधी चौक में आयोजित कांग्रेस की चुनावी जनसभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के मसूरी विधायक छठ पूजा के नाम पर लोगों को धन बांट रहे हैं। 

आरोप लगाया कि भाजपा प्रशासन, शराब व धनबल के बूते चुनाव जीतना चाहती है, लेकिन लोकतंत्र में जनबल ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। प्रीतम सिंह ने दावा किया कि मसूरी के 23 संगठनों ने कांग्रेस को समर्थन दिया है जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि 18 नवंबर को होने वाले चुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।

इससे पूर्व कांग्रेस की चुनावी रैली ढोल दमाऊ व रणसिंघे की गूंज के साथ लंढौर के पुराने टिहरी बस स्टैंड से शुरू हुई जो लंढौर बाजार, घंटाघर, पिक्चर पैलेस, कुलड़ी बाजार, मालरोड होते हुए गांधी चौक पहुंची और आम सभा में बदल गई। 

रैली में पूर्व विधायक जोतसिंह गुनसोला, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सतीश ढौंढियाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष जसबीर कौर, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष महेश चंद्र आदि शामिल रहे।

कांग्रेस ने लगाया आचार संहिता उल्लघंन का आरोप

कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। निर्वाचन आयुक्त से मिलकर उन्होंने आचार संहिता उल्लंघन कर रहे नेताओं पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में राज्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि निकाय चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए भाजपा धनबल एवं शराब का उपयोग कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के मसूरी विधायक गणेश जोशी पर उन्होंने धनबल के प्रयोग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। 

इसके अलावा काबीना मंत्री मदन कौशिक पर नजूल भूमि पर किए गए अतिक्रमण के संबंध में उच्च न्यायालय से स्टे मिलने की झूठी बयानबाजी कर मतदाताओं को गुमराह कर रहे हैं। कांग्रेस ने इन मामलों से संबंधित सीडी भी चुनाव आयुक्त को सौंपी है। इसके साथ ही उन्होंने हरिद्वार-देहरादून के बीच रसोई गैस पाइप लाइन के उद्घाटन की घोषणा की भी शिकायत करते हुए कहा कि अभी तक निर्वाचन आयोग ने इसका संज्ञान नहीं लिया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री, भाजपा विधायक और मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

कूड़ा निस्तारण को बनाएंगे ठोस प्लान: अग्रवाल

महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल ने पार्षद प्रत्याशियों के साथ एक दर्जन वार्डों में ताबड़तोड़ सभाएं कर वोट मांगे। दिनेश अग्रवाल ने जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में दून कूड़े के ढेर पर बैठा है। जितने कूड़े का उठान किया जाता है, उससे कहीं अधिक शहर में पड़ा रहकर गंदगी फैलाता है। यही वजह है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में दून का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। जबकि, पिछले दो चुनाव से देहरादून नगर निगम में भाजपा का महापौर रहा है। ऐसे में जनता के पास कांग्रेस के रूप में बेहतर प्रत्याशी मैदान में हैं। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में दून की बेहतरी को जो कदम उठाए गए, घर-घर जाकर उनका प्रचार-प्रसार किया जाए। यदि जनता कांग्रेस पर भरोसा दिखाती है तो वह पूरे मनोयोग से शहर की बेहतरी के लिए काम करेंगे। 

इस दौरान दिनेश अग्रवाल ने माजरा, आरकेडिया, मेहूंवाला, चंद्रबनी, पित्थूवाला, केदारपुरम, सेवलाकलां, मोथरोवाला, ब्रह्मपुरी समेत एक दर्जन क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com