Saturday , April 20 2024

तोगड़िया का बड़ा बयान: यदि हम मंदिर नहीं बना पाए तो वह दिन दूर नहीं जब हिंदू हो जाएंगे अल्पसंख्यक

देहरादून : अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.प्रवीण तोगड़िया ने रविवार को मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान राम के सहारे सत्ता हासिल करने वाले अब उनके मंदिर निर्माण की ही बात भूल गए। कल तक कश्मीर के हिंदुओं के लिए रोते थे, अब पाकिस्तानी जिहादियों को रमजान में गोली न लगे, इस बात की चिंता करते हैं। पत्थरबाजों पर दर्ज मुकदमे वापस लेते हैं। हिंदू समाज का खोया वैभव वापस पाने के लिए यह सरकार बनवाई थी। न राम मंदिर का निर्माण हुआ और न ही रामराज आया। उम्मीद थी कि देश में बेरोजगारी, अशिक्षा, भुखमरी, दुष्कर्म की घटनाओं को नियंत्रित करने के साथ यह सरकार राम मंदिर का निर्माण कर रामराज लाएगी। पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। 

दून के सुभाष रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में रविवार को हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा, केंद्र की सत्तासीन भाजपा सरकार को भूलने की गंभीर बीमारी लग गई है। वह किसानों को भूल गए हैं, बेरोजगार नौजवान, महंगाई से पीडि़त गृहणियों, कश्मीरी पंडितों का दर्द, धारा-370 और सीमा पर तैनात जवानों को भूल गए हैं। यहां तक कि खुद के सिद्धांत भी भुला दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव के पहले तक मंदिरों से प्रेम था, लेकिन सत्ता में आने के बाद वह मस्जिदों में सजदा कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री बनने के बाद वह कभी अयोध्या नहीं गए। भाजपा को करोड़ों हिंदुओं ने वोट किया, पर बहुमत मिलते ही वह मुस्लिम महिलाओं की हितैषी बन तीन तलाक पर कानून बना रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत पाने के बाद कोर्ट के आदेश का इंतजार होने लगा। अगर राम मंदिर कोर्ट के आदेश से ही बनना था तो राम मंदिर आंदोलन की क्या जरूरत थी। यदि कोर्ट से ही फैसला होना था तो सुप्रीम कोर्ट से रथयात्रा निकालनी थी, सोमनाथ मंदिर से नहीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार डबल स्टैंडर्ड अपना रही है। सरकार एससी-एसटी पर कानून ला सकती है, पर राम मंदिर पर नहीं। 

तोगडिय़ा ने कहा कि देश मे 19 करोड़ लोग भूखे सोते हैं, 10 करोड़ युवा बेरोजगार हैं। उच्च शिक्षा निम्न वर्ग की पहुंच से दूर हो गई है। किसान कर्ज तले दबा है और तीन लाख किसान अब तक आत्महत्या कर चुके हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उसे जगाने के लिए 21 अक्टूबर को लखनऊ से अयोध्या कूच किया जाएगा। इस दौरान संत ब्रह्मïचारी जी महाराज, स्वामी दर्शन भारती, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव महाजन, महानगर अध्यक्ष बिजेंद्र नेगी, जिलाध्यक्ष अमित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। संचालन राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष अमित तोमर ने किया। 

कांग्रेस मुक्त या कांग्रेस युक्त 

तोगड़िया ने भाजपा के भारत को कांग्रेस मुक्त करने की बात पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस मुक्त करते-करते पार्टी आज कांग्रेस युक्त हो गई है। उत्तराखंड की ही बात करें तो यहां भी पांच मंत्री पूर्व कांग्रेसी हैं। भाजपा आखिर जा किस ओर रही है। 

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com