Wednesday , April 24 2024

राज ठाकरे ने कहा कि गुजरात में राहुल गांधी अकेले थे, कर्नाटक और अब भी। अब पप्पू परम पूज्य हो गए हैं

 मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जिन्हें विपक्षी दलों द्वारा ‘पप्पू’ बुलाया जाता था, वे अब ‘परम पूज्य’ हो गए हैं। एमएनएस प्रमुख का यह बयान भाजपा शासित तीनों राज्यों में कांग्रेस को मिली बढ़त के बाद आया। 

राज ठाकरे ने कहा कि गुजरात में राहुल गांधी अकेले थे, कर्नाटक और अब भी। अब पप्पू परम पूज्य हो गए हैं।क्या उनके नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किया जाएगा, ये आप देख रहे हैं।

गौरतलब है कि 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के आए नतीजों में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भारी बहुमत से जीत हासिल की है। वहीं राजस्थान और मध्यप्रदेश में पार्टी बहुमत के करीब है। हालांकि तेलंगाना और मिजोरम में उसे तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के हाथों हार का सामना पड़ा है। तेलंगाना और मिजोरम में भाजपा भी फिसड्डी साबित हुई और इन दोनों जगहों पर पार्टी को 1-1 सीटें हासिल हुई।

चुनाव के बाद जानिए- किसने क्या कहा

भाजपा को कुछ करना चाहिए- देवेगौड़ा
पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा ने कहा कि भारत को कांग्रेस मुक्त और विपक्ष मुक्त करने की भाजपा की सोच से उसका अहंकार झलकता है। जनता ने भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाकर देश को अहंकारी सोच से मुक्त किया है। कम से कम तो देश को समस्या मुक्त करने की दिशा में भाजपा को कुछ करना चाहिए।

मजबूत विकल्प तैयार करने में मदद मिलेगी- नायडू
भाजपा पूरे देश में कमजोर हुई है। पिछले पांच साल में वह ज्यादातर उपचुनाव हारी है। इन पांच राज्यों में भी
वह बहुत कमजोर हुई है। भाजपा के खिलाफ लड़ाई में जनता हमारे साथ है। इन पांच राज्यों के नतीजों से भाजपा का मजबूत विकल्प तैयार करने में मदद मिलेगी।
चंद्रबाबू नायडू, तेदेपा प्रमुख

अबकी बार…खो दी सरकारः अखिलेश यादव
‘अबकी बार…खो दी सरकार।’ जनता भाजपा के झूठे वादों और जाति-संप्रदाय की राजनीति से ऊब चुकी है। इन राज्यों में जनता की एकजुटता ने ही भाजपा को सत्ता से बेदखल किया है।
अखिलेश यादव, अध्यक्ष, सपा

मुस्लिम तुष्टीकरण बहुत बढ़ गयाः मधु किश्वर
ये कांग्रेस और वामपंथी उदारवादियों के साथ ही पाकिस्तान की जीत भी है। पिछले चार साल में कांग्रेस का
मुस्लिम तुष्टीकरण बहुत बढ़ गया जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कोर वोट बैंक की उपेक्षा की।
-मधु किश्वर, लेखिका और एक्टिविस्ट

मतदाताओं ने जो किया है, वही सच्चा साहसः उद्धव
मतदाताओं ने ना ईवीएम के बारे में सोचा, ना बंट रहे पैसों के बारे में, ना गुंडागर्दी और विकल्प के बारे में। उन्होंने बस उन लोगों को हटा दिया, जिन्हें हटाना चाहते थे। भविष्य की चिंता करना साहस नहीं है। मतदाताओं ने जो किया है, वही सच्चा साहस है।
उद्धव ठाकरे, शिवसेना प्रमुख

उलटी गिनती शुरू हो चुकी हैः ममता बनर्जी
भाजपा की हार की कई वजहें हैं। सत्ता का दंभ और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग इनमें अहम है। समाज का हर वर्ग भाजपा के खिलाफ है। 2019 में होने जा रहे फाइनल के नतीजे स्पष्ट हैं। हमें केवल चुनावों का इंतजार है। उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। यह भाजपा के अंत की शुरुआत है।
ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख

किसी के साथ गठबंधन नहींः जोरामथांगा
मैं सरकार बनाने जा रहा हूं और ऐसे में मेरी तीन प्राथमिकताएं हैं। शराब पर प्रतिबंध लगाना, सड़कों की मरम्मत और सामाजिक आर्थिक विकास कार्यक्रमों का क्रियान्वयन। हमारे पास पूर्ण बहुमत है। हम भाजपा या किसी अन्य के साथ गठबंधन की सरकार नहीं बना रहे। हम नेडा और एनडीए का हिस्सा हैं।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com