Wednesday , April 24 2024

संकल्प, साहस , इच्छा शक्ति से हासिल किया जा सकता लक्ष्य-मुलायम

mu
लखनऊ। प्रदेश सरकार की सबसे महात्वाकांक्षी योजना ग्रीन यू0पी0-क्लीन यू0पी0 के तहत आज पूरे प्रदेश में पांच करोड़ वृक्षों के रोपण के विशेष अभियान का शुभारम्भ किया गया। राजधानी लखनऊ में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का शुभारम्भ 2200 हेक्टेअर के वन क्षेत्र कुकरैल (सूगामऊ-जरहरा) में प्रदेश के पूर्व रक्षा मंत्री एवं सांसद मुलायम सिंह यादव ने आठ प्रकार के पौधों का रोपण करके किया। उन्होंने कहा कि संकल्प, साहस और इच्छा शक्ति जब तक एक साथ नहीं होते हंै, तब तक किसी भी बड़े को अंजाम नहीं दिया जा सकता है। योजना के तहत 24 घंटे के भीतर पांच करोड़ पौधों का रोपण करके विश्व रिकार्ड स्थापित किये जाने का लक्ष्य है।श्री यादव ने कहा कि सोमवार को प्रदेश के 6166 स्थलों पर वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। वृक्षारोपण से प्रदेश के पर्यावरण को जहां बेहतर माहौल मिलेगा, वहीं स्वच्छ पर्यावरण से मानव जीवन में नये वातावरण का भी सृजन होगा। उन्होंने कहा कि पौधों द्वारा वातावरण में विद्यमान कार्बन डाई आक्साईड को कार्बन के अन्य स्वरूपों में दीर्घ काल के लिए संचयित किया जाता है, जो ग्लोबल वार्मिंग तथा जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी हिस्से में इतनी बड़ी संख्या में पौधों का रोपण एक दिन में आज-तक नहीं किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार सभी के सहयोग से इस कार्य को अपने सीमित साधनों एवं संसाधनों से करके अनूठा कीर्तिमान स्थापित कर रही है। परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाना वर्तमान परिवेश में नितांत आवश्यक है। कृषि उत्पादन आयुक्त प्रवीर कुमार ने वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भावी पीढ़ी के लिए आज की हरियाली एक बेहतर भविष्य का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश इतिहास रच रहा है, जिसकी कल्पना किसी भी देश ने नहीं की थी। यह पौधारोपण कार्यक्रम छः लाख मैट्रिक टन कार्बन अवशोषित करेगा। उन्होंने लोगों से वृक्षारोपण की सुरक्षा पर सतर्क नजर रखने की भी अपील की। इस मौके पर मुलायम सिंह यादव ने वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने तथा कुकरैल वन क्षेत्र की चाहरदीवारी के निर्माण में सराहनीय योगदान करने वाले वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र दे कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन, योजना आयोग के उपाध्यक्ष नवीन चन्द्र बाजपेई, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री अनीता सिंह के अतिरिक्त शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारियों गणमान्य नागरिकों तथा छात्र-छात्राओं ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com