Saturday , April 20 2024

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार बंद चीनी मिलों को चलाने के लिए पैकेज लेकर आने वाली है

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सरकार बंद चीनी मिलों को चलाने के लिए पैकेज लेकर आने वाली है। अब प्रदेश में जरूरत के अनुसार ही चीनी पैदा की जाएगी। चीनी मिलों में एथनाल का उत्पादन किया जाएगा। जिससे पेट्रोल और डीजल की खपत में कमी आएगी। मुख्यमंत्री बस्ती जिले के जीआइसी ग्राउंड में बस्ती महोत्सव कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

जुलाई से बस्ती मेडिकल कालेज में पढ़ाई शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा मुंडेरवा चीनी मिल को इसी सत्र से चलाने की तैयारी है। जुलाई से बस्ती के मेडिकल कालेज में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। प्रथम शैक्षणिक सत्र में सौ छात्रों का प्रवेश होगा। बस्ती की पहचान गुरु वशिष्ठ से है। इसलिए यह मेडिकल कालेज उन्हीं के नाम से जाना जाएगा। नामकरण का प्रस्ताव कैबिनेट ने पास कर दिया है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 35 करोड़ की आधा दर्जन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा बस्ती उन संवेदनशील जनपदों में है जहां इंसेफ्लाइटिस से सैकड़ों बच्चों की मौत हो चुकी है। 25 फरवरी से इंसेफ्लाइटिस यानी नवकी बीमारी का टीकाकरण प्रारंभ होगा। तीन चरणों में यह कार्यक्रम चलाया जाएगा।

गांवों में खेल मैदानों की निगरानी करेगा राजस्व विभाग: सीएम

योगी ने गोरखपुर में वीर बहादुर सिंह स्पो‌र्ट्स कालेज में भी 24.98 करोड़ की आठ परियोजनाओं का लोकार्पण व करीब 21 करोड़ की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें कालेज में एस्ट्रो टर्फ मैदान (7.71 करोड़ की लागत) समेत खेल की पांच परियोजनाएं शामिल हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर गाव में खेल का मैदान होगा। इस माध्यम से खिलाड़ियों को मंच प्रदान किया जाएगा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चयनित कर स्पो‌र्ट्स कॉलेज जैसे बड़े संस्थानों में लाया जाएगा। खेल मैदान सुरक्षित करने का निर्देश राजस्व विभाग को दिया गया है। यह सुविधा मिलने के बाद बच्चे पढ़ाई के साथ खेल में भी आगे रहेंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार ने खेल की अवस्थापना सुविधाओं का काफी विकास किया है। इससे खिलाड़ियों का प्रदर्शन सुधरा है और पदकों की संख्या में वृद्धि हुई है। खेल मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि खेल कोटे की रिक्तियां भरी जाएंगी। अब खिलाड़ी बाहर जाने को मजबूर नहीं होंगे। खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने सभी का स्वागत किया।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com