लखनऊ। यूपी सरकार एक नया विश्व इतिहास रचने जा रही है। सोमवार को एक साथ पांच लाख पौधों को रोपित किया जाएगा। जहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कानपुर के रसूलाबाद में तो सपा सुप्रीमों मुलायम सिंह यादव लखनऊ के कुकरैल में पौधारोपण कर एक महाअभियान की शुरुआत करेंगे। गिनीज वल्र्ड रिकॉड्र्स की टीम की निगरानी में सोमवार को यूपी में पांच करोड़ पौधे लगाएं जाएंगे। इसके लिए चिह्नित किए गए छह हजार से ज्यादा स्थानों पर पौधे पहुंचा दिए गए हैं। वन प्रमुख सचिव संजीव सरन ने बताया कि अभियान सोमवार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। 24 घंटे में पांच करोड़ पौधों की रोपाई के लिए चयनित 6166 स्थलों पर पौधे पहुंचा दिए गए हैं।
मिशन डायरेक्टर प्रशांत वर्मा ने बताया कि लगाए जाने वाले पौधों की सिंचाई और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। विभिन्न प्रजातियों के 3-12 फीट तक के पौधे रोपे जाएंगे। इस काम को दस लाख से ज्यादा श्रमिकों की मदद से पूरा किया जाएगा। निगरानी संस्थाओं के निर्णायक मंडल के सदस्य भी कई जगहों पर मौजूद रहेंगे, मगर इन संस्थाओं ने उन जगहों का खुलासा नहीं किया है। यहां बता दें पौधरोपण का विश्व रिकॉर्ड बना या नहीं, यूपी को इसका प्रमाणपत्र निर्णायक मंडल की रिपोर्ट के आधार पर ही मिलेगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal