Thursday , April 25 2024

अमित शाह बोले- जनता ने जाति, धर्म के बंधन से ऊपर उठकर वोट दिया

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भाजपा की शानदार जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीबोन्मुख नीतियों को देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि जनता ने जाति, धर्म के बंधन से ऊपर उठकर विकास और विकासवादी सरकार के लिए वोट दिया है। नरेंद्र मोदी देश के सबसे कद्दावर नेता के रूप में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि ये नतीजे परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का अंत करेंगे।

शाह ने बताया कि रविवार को संसदीय बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर विचार किया जाएगा और जो सबसे योग्य उम्मीदवार होगा, उसे ही मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के अलावा गोवा, मणिपुर में भी सरकार बनाने जा रही है। पंजाब में अकाली दल-भाजपा गठबंधन का वोट प्रतिशत 30 प्रतिशत रहा है, जो उत्साहवर्द्धक है। मायावती की ईवीएम पर गड़बड़ी वाली टिप्पणी पर अमित शाह ने कुछ भी कहने से इनकार किया।

शाह ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश है जो देश की राजनीति को नई दिशा देगा। जनता ने विकास के पक्ष में अप्रत्याशित जनादेश दिया है और आजादी के बाद यह उत्तर प्रदेश में खासतौर पर सबसे बड़ी जीत है। नरेंद्र मोदी आजादी के बाद पहली बार गरीब, शोषित, पीड़ितों के मसीहा के रूप में उभरे हैं और लोगों, गरीबों ने मोदीजी में आस्था व्यक्त की है। नोटबंदी के बाद मोदीजी पर जनता का विश्वास बढ़ा है। मोदीजी जनता की आशाओं पर खरे उतरे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब हिन्दू-मुस्लिम की बातों से बाहर निकल चुकी है। मतदाता सिर्फ मतदाता होता है। सबको विकास चाहिए। सबको प्रगतिशील सरकार चाहिए और लोगों ने जाति, धर्म से ऊपर उठकर वोट किया है। शाह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीबोन्मुख नीतियों पर जनता की मुहर है जिसके कारण उत्तर प्रदेश में भाजपा ने दो तिहाई बहुमत से जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा में विश्वास व्यक्त करने के लिए लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। रविवार को भाजपा मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करेंगे। इसके बाद भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक होगी।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com