Wednesday , April 17 2024

अयोध्या विधान सभा में भाजपा को चमत्कार का इंतजार

अयोध्या। भगवा गढ़ा समझे जाने वाले अयोध्या विधान सभा में पुनः परचम लहराने के लिए भाजपा को चमत्कार का इंतजार है। दूसरी ओर पांच बार भाजपा के एक मात्र साम्राज्य को बीते विधान सभा चुनाव में सपा ने किन्नर प्रत्याशी के दम पर ध्वस्त कर दिया था।

2017 के चुनाव में सपा को कांग्रेस के भरोसे सीट रक्षा का ख्वाब पालना मजबूरी बन गया है। दूसरी ओर यह तय हो गया है कि इस विधान सभा क्षेत्र में सपा, भाजपा और बसपा के मध्य त्रिकोणात्मक मुकाबला होगा तथा मुस्लिम मतदाता किस करवट जाता है यह सपा व बसपा का भविष्य तय करेगा।

सपा परिवार में चले लम्बे संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जातिवादी पार्टी की छवि को मिटाने के लिए कांग्रेस से गठबंधन किया। इस गठबंधन के बाद समाजवादी पार्टी यह संदेश देने में कामयाब रही कि वह जातिवादी पार्टी नहीं है बल्कि समग्र समाज को एक साथ लेकर चलने वाला राजनीतिक दल है। देखना यह है कि इस रणनीति के साथ अयोध्या विधान सभा क्षेत्र का मतदाता कितनी दूर चलेगा।

मन्दिर मस्जिद आन्दोलन के बाद चली राम लहर का परिणाम यह रहा कि हांसिये पर चली गयी भाजपा 1991 के विधान सभा चुनाव में अभूतपूर्व सफलता अर्जित करते हुए विधान सभा क्षेत्र में भगवा ध्वज लहराने में कामयाब रही। 1991 में भाजपा के लल्लू सिंह और सपा के जयशंकर पाण्डेय के मध्य सीधा मुकाबला हुआ।

भाजपा प्रत्याशी को 49206 मत मिले जो सपा प्रत्याशी के पराजय का कारण बना। भाजपा ने 30400 अधिक मत अर्जित कर विजय हांसिल किया। 1993 के चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह और सपा प्रत्याशी जयशंकर पाण्डेय आमने सामने थे। भाजपा प्रत्याशी को 58587 मत जहां मिले वहीं जयशंकर पाण्डेय 49349 मत अर्जित कर दूसरे स्थान पर रहे। भाजपा ने 9238 मतों से जीत अर्जित किया।

1996 का विधान सभा चुनाव भी भाजपा की झोली में रहा इस बार भी लल्लू सिंह के मुकाबले में जयशंकर पाण्डेय खड़े थे इस चुनाव में भाजपा को 59658 और सपा को 38463 मत प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा ने 21925 मत से विजय हांसिल किया।

2002 का चुनाव भी भाजपा के खाते में रहा। भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह और बसपा प्रत्याशी अभय सिंह के मध्य कांटे की टक्कर थी। भाजपा प्रत्याशी ने 51289 और बसपा प्रत्याशी ने 33429 मत हांसिल किया। इसबार भाजपा के लल्लू सिंह ने 17860 मत से अभय सिंह को पटकनी दिया। 2007 का चुनाव भी भाजपा के खाते में दर्ज हुआ।

भाजपा के लल्लू सिंह और समाजवादी पार्टी के इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू के मध्य सीधा मुकाबला था। भाजपा ने 59493 व सपा ने 52752 मत हांसिल किये इस तरह सपा प्रत्याशी 5741 मत से पराजित हो गये। लगातार पांच चुनावों में भाजपा प्रत्याशी का अयोध्या विधान सभा क्षेत्र में एकक्षत्र साम्राज्य रहा परन्तु भाजपा के गिरते जनाधार और सपा की बढ़ती लोकप्रियता 2012 के चुनाव में भाजपा के लिए घातक साबित हुई इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के युवा नेता तेजनारायण पाण्डेय पवन और भाजपा के पूर्व विधायक लल्लू सिंह के मध्य सीधी टक्कर थी। इस चुनाव में सपा को 55262 और भाजपा को 49857 मत प्राप्त हुए।

इस तरह 5405 मत अधिक अर्जित कर तेजनारायण पाण्डेय ने भगवा दुर्ग में समाजवादी पार्टी की साइकिल दौड़ा दिया। भगवा दुर्ग को ध्वस्त करने में निर्दलीय प्रत्याशी किन्नर गुलशन बिन्दू का विशेष योगदान रहा। इस प्रत्याशी ने 21 हजार से ऊपर मत हांसिल किया माना गया कि भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के एक बड़े वोट बैंक को निर्दल प्रत्याशी ने झटक दिया यहीं वजह लल्लू सिंह की पराजय का कारण बनी थी।
अयोध्या विधान सभा क्षेत्र का 2017 का चुनाव रोचक मोड पर आ खड़ा हुआ है। भगवा दुर्ग को एक बार पुनः फतह करने के लिए सांसद लल्लू सिंह की मंशा थी कि उनके पुत्र विकास सिंह को अयोध्या विधान सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बनाये। वेद प्रकाश गुप्ता को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया। वेद प्रकाश गुप्ता का टिकट काटने की मांग को लेकर लगातार तीन दिन धरना प्रदर्शन व पुतला फूंका।
प्रदेश नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद विरोध शांत हुआ। अब भाजपा कार्यकर्ता प्रचार में जुट गये हैं। मूल भाजपाई वोटर और गुप्ता मतदाताओं के बल पर इस बार वेद प्रकाश गुप्ता अयोध्या में कमल खिला सकते हैं। दूसरी ओर इस विधान सभा क्षेत्र से बसपा ने मुस्लिम कार्ड खेलते हुए बज्मी सिद्दीकी को चुनावी समर में उतारा है बसपा को भरोसा है कि उसे सपा के भिरतरघातियों के विरोध का लाभ मिलेगा और दलित तथा मुस्लिम वोट बैंक के भरासे वह सपा पटखनी देने में कामयाब होंगे।
भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि उन्हें अयोध्या के पूज्य संत धर्माचायों के अलावा भाजपा के दोनों सांसदों का आशीर्वाद प्राप्त है। इसलिए वह भाजपा को जीत दिलाने में जरूर कामयाब होंगे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com