Saturday , April 20 2024

उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से बनाएंगे भाजपा की सरकार: मौर्य

upनई दिल्ली। बसपा के शीर्ष नेताओं में से एक और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे स्वामी प्रसाद मौर्य आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)में शामिल हो गये। मौर्य ने बसपा के कई पूर्व मंत्रियों एवं पूर्व विधायकों के साथ सैकड़ों की संख्या में आये अपने समर्थकों एवं सहयोगियों का आह्वान किया कि वे 2017 में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने के प्रयास में जुट जायें। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और उपाध्यक्ष ओम माथुर की मौजूदगी में पार्टी के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मौर्य को अंगवस्त्र पहना कर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया। पार्टी उपाध्यक्ष एवं लखनऊ के महापौर दिनेश शर्मा, सांसद शिवप्रताप शुक्ला एवं रवीन्द्र कुशवाहा, पार्टी सचिव श्रीकांत शर्मा और रामेश्वर चौरसिया भी कार्यक्रम में मौजूद थे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश से बसपा के अनेक पूर्व मंत्रियों एवं पूर्व विधायकों सहित करीब तीन हजार कार्यकर्ता मौजूद थे। इस मौके पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में दलित वंचित गरीब तबकों को समाज में ऊपर लाकर सत्ता शासन में समानुपातिक भागीदारी सुनिश्चित करने के विचार को लेकर कांसीराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों के आधार पर बहुजन समाज पार्टी बनायी गयी थी। लेकिन अब वहां कांसीराम के विचारों की हत्या हो रही है और बसपा एक औद्योगिक घराना बन गयी है। पार्टी के टिकटों को बेच कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर 2012 में टिकटों को नहीं बेचा गया होता तो उत्तर प्रदेश में पुन: बसपा की सरकार बनती। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के बीच भाजपा में नई सोच दिखायी दी है। सबको साथ लेकर राष्ट्र को समुन्नत बनाने का काम किया जा रहा है। दलितों एवं पिछड़ों को सम्मान देकर मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। विकास के साथ समता का संदेश देने में भाजपा बसपा से बहुत आगे निकल गयी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सर्वसमाज के मन में अपना स्थान बना चुके हैं। इसके बाद उन्होंने सबसे सलाह मशविरा करके भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। मौर्य ने प्रधानमंत्री के गत दो दिनों में आये बयानों का उल्लेख करके कहा कि कुछ सांप्रदायिक लोग समाज को तोडऩे का प्रयास कर रहे हैं। मोदी ने उस पीड़ा को महसूस करके बिल्कुल सही बयान दिया है। धर्म सबको करुणा मैत्री एवं भाईचारे का संदेश देता है जिसे कुछ शरारती तत्व बिगाडऩे का प्रयास कर रहे हैं। मोदी का बयान राष्ट्र के लिये एक संदेश है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बसपा में उनके समर्थक एवं सहयोगी रहे लाखों लोग भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होंगे और भाजपा में उनको सम्मानजनक स्थान दिलाया जायेगा। उन्होंने अपने समर्थकों का आह्वान किया कि वे 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिये अभी से काम में जुट जायें। इस मौके पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के आने से उत्तर प्रदेश को सपा बसपा के गुण्डाराज, अराजकता एवं भ्रष्टाचार से मुक्त करने के अभियान को बल मिला है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की दो तिहाई बहुमत की सरकार बनेगी।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com