Thursday , April 25 2024

उत्तर प्रदेश सरकार किसान विरोधी: बालियान

मेरठ। केंद्रीय मंत्री डाॅ. संजीव बालियान ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। मिल मालिकों से साठगांठ करके सरकार शुगर इंडस्ट्री को तो लाभ पहुंचा रही है लेकिन किसानों की अनदेखी कर रही है।

यही वजह है कि प्रदेश के गन्ना किसान बदहाल हैं। उन्हें समय पर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिल रहा है। उप्र में भाजपा की सरकार बनी तो किसानों को चैदह दिन के भीतर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराया जाएगा।

डाॅ. संजीव बालियान सोमवार को मवाना रोड पर रजपुरा में स्थित एफआईटी कालेज में किठौर विधान सभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सत्यवीर त्यागी के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधा।

सपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। कहा कि सपा के शासनकाल में प्रदेश में जहां कानून व्यवस्था ध्वस्त रही, वहीं अपराधी पूरी तरह बेलगाम रहे। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत को सम्मान दिलाया है। आज दुनियाभर में भारत की साख बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि गरीब, किसान और युवाओं के प्रति केंद्र सरकार पूरी तरह गंभीर है। भाजपा की सरकार बनने पर सभी लघु और सीमांत किसानों का फसली ऋण माफ होगा। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिलाया जाएगा।

किसानों को गन्ना बेचने के चैदह दिन के भीतर गन्ना मूल्य भुगतान कराया जाएगा। पशु कटान और पशुओं की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगेगा। प्रदेश में गुंडाराज और भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म होगा। हर युवा को रोजगार मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होगा। उन्होंने सत्यवीर त्यागी को भारी मतों से चुनाव जिताने की अपील की।

कहा कि इस बार हर हाल में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि इस चुनाव में हमें उत्तर प्रदेश की भ्रष्ट सरकार को उखाड़कर फेंकना है। बढ़ते अपराधों के कारण उत्तर प्रदेश का विकास अवरुद्ध है।

केंद्र सरकार से पैसा आने के बावजूद यूपी का विकास नहीं हो रहा, इसलिए प्रदेश के विकास के लिए सपा सरकार को उखाड़कर फेंकना बहुत जरूरी है। किठौर क्षेत्र में बढ़ते अपराधों जनता दुखी है।

सांप्रदायिक आधार पर कार्रवाई होती है। अपराधियों को थानों का संरक्षण प्राप्त है। पशु और बिजली के मोटर चोरी की घटनाओं ने किसानों का सुख-चैन छीन लिया है।

राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में किठौर क्षेत्र में 32 हजार वोटों से भाजपा की जीत हुई थी, इस चुनाव में हमें इससे भी अधिक वोटों से चुनाव जीतना है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com