Friday , April 19 2024

उपचुनाव में दिल्ली से असम तक खिला कमल, 5 पर भाजपा तो अन्य पांच में सभी

नई दिल्ली। आठ राज्यों में 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की काउंटिंग अभी जारी है। दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट से भाजपा-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने जीत हासिल कर ली है।

वहीं आम आदमी पार्टी ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। यहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। सभी विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे।

इन सीटों पर जीती भाजपा

दिल्ली

दिल्ली के तीनों निगमों के 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल की आप को आज तगड़ा झटका लगा। राजौरी गार्डन विधानसभा उपचुनाव में भाजपा-अकाली गठबंधन के मनजिंदर सिंह सिरसा ने जीत हासिल की है। उन्हेें 40602 मिले हैं जबकि कांग्रेस की मीनाक्षी चंदीला को 25950 वोट पड़े।

सिरसा ने मीनाक्षी को 14652 मतों के अंतर से हराया है। आप उम्मीदवार हरजीत सिंह 10243 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। आप उम्मीदवार की दिल्ली में जमानत जब्त हो गई।वर्ष 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में पत्रकार से राजनीति में उतरे जरनैल सिंह ने सिरसा को 10036 वोटों पराजित किया था। पंजाब विधानसभा के हाल में हुए चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए जरनैल सिंह ने इस्तीफा दे दिया था।

मध्य प्रदेश
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ विधानसभा उपचुनाव में आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी शिवनारायण सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की सावित्री सिंह को 25 हजार से अधिक मतों से पराजित कर इस सीट पर पार्टी का कब्जा बरकरार रखा। नतीजों के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी शिवनारायण सिंह को 74 हजार तीन सौ 56 और कांग्रेस प्रत्याशी सिंह को 48 हजार 880 मत हासिल हुए। इस तरह भाजपा ने अनुसूचित जनजाति (अजजा) के लिए सुरक्षित यह सीट 25 हजार चार सौ 76 मतों से जीत ली। शिवनारायण सिंह भाजपा सांसद ज्ञान सिंह के पुत्र हैं। वर्ष 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव में यहां से ज्ञान सिंह ही विजयी हुए थे। दूसरी ओर भिंड जिले की अटेर सीट पर काउंटिंग रोक दी गई थी। कांग्रेस ने लगाया EVM टैम्परिंग का आरोप लगाया था।

राजस्थान
राजस्थान में धौलपुर विधान सभा उपचुनाव के मतगणना के आठवें दौर के बाद भाजपा उम्मीदवार शोभारानी कुशवाह अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बनवारी लाल शर्मा से जीत गई हैं। इस सीट पर पिछली बार बहुजन समाज पार्टी के बी.एल. कुशवाह जीते थे लेकिन एक हत्या के मामले में जेल जाने के कारण उनकी विधानसभा की सदस्यता समाप्त कर दी गई। भाजपा ने इस उपचुनाव में उनकी पत्नी शोभारानी कुशवाह को उम्मीदवार बनाया।

असम उपचुनाव
असम की धेमाजी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार रंजन पेगु ने 9 हजार मतों से जीत दर्ज की। भाजपा उम्मीवाद को 75,217 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार बाबुल सोनोवाल को 65,932 मत प्राप्त हुए। भाजपा विधायक प्रधान बारूह के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद इस सीट के रिक्त होने पर उपचुनाव कराया गया था। सर्वानंद सोनोवाल के असम का मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने अपनी संसदीय सीट से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद बारूह उनकी सीट से सांसद निर्वाचित हुए थे।

हिमाचल उपचुनाव
हिमाचल प्रदेश की भोरंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार अनिल धीमान ने 8290 मतों से जीत दर्ज की। धीमान को 24,434 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार प्रोमिला को 21,614 मत मिले। पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान के पिछले वर्ष निधन के बाद भाजपा ने उनके बेटे अनिल धीमान को इस सीट पर उतारा था।

कांग्रेस ने जीती 2 सीटें
पश्चिम बंगाल उपचुनाव

पश्चिमी बंगाल की कांठी दक्षिण विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी चंद्रीमा भट्टाचार्य ने 42 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से जीत दर्ज की। भट्टाचार्य को 95,369 मत मिले जबकि भाजपा को 52,843 मत, जोकि दूसरे विपक्षी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और कांग्रेस के उम्मीदवारों से कहीं अधिक हैं।

कर्नाटक उपचुनाव
कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों नंजनगुड और गुंडलूपेट में हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने आज जीत दर्ज करके इन दोनों सीटों को अपने पास बरकरार रखा। इन दोनों सीटों पर नौ अप्रैल को उपचुनाव हुआ था और आज मतगणना कराई गयी। नंजनगुड विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार कलाले केशवमूर्ति ने पूर्व मंत्री और भाजपा उम्मीदवार वी.श्रीनिवास प्रसाद को 21,334 मतों से हराया जबकि गुंडलूपेट सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गीता माधव प्रसाद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार निरंजन कुमार को 10,887 मतों से पराजित किया।

1 सीट पर झामुमो का कब्जा
झारखंड
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साइमन मरांडी ने लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के मतगणना में भाजपा के उम्मीदवार हेमलाल मुर्मू पर 4899 मतों की बढ़त बना ली है। राज्य के निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय सूत्रों ने यहां बताया कि झामुमो के मरांडी ने लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में छठे चरण की मतगणना की समाप्ति के बाद भाजपा के मुर्मू पर 4899 मतों की बढ़त बना ली है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com