Saturday , April 20 2024

कांग्रेस मुख्यालय में भाजपाइयों की ओर से किए गए हंगामे और बैनर-पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद से कांग्रेस आक्रमक हो गई

कांग्रेस मुख्यालय में भाजपाइयों की ओर से किए गए  हंगामे और बैनर-पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद से कांग्रेस आक्रमक हो गई। विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर भाजपा के पुतले दहन किए।  

राफेल मामले को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ जुलूस निकाल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार को टकराव हो गया था। एस्लेहाल चौक पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन की तरफ रुख कर दिया था। इससे दोनों पक्षों में धक्का मुक्की, मारपीट हुई। वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के लोगों ने कांग्रेस के बैनर तक फाड़ डाले। 

पूरे घटनाक्रम को लेकर कल ही प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसी एडीजी (कानून व्यवस्था) अशोक कुमार से मिले और भाजपा महानगर अध्यक्ष व धर्मपुर विधायक के खिलाफ शिकायत दी थी। साथ ही निर्णय लिया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय व देहरादून में भाजपा का पुतला दहन किया जाएगा। शुक्रवार को इसकी शिकायत राज्यपाल से की जाएगी।

कांग्रेसियों का आरोप है कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे धर्मपुर विधायक विनोद चमोली व महानगर अध्यक्ष विनय गोयल के नेतृत्व में भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला कर दिया और तोड़फोड़  की। जिससे पार्टी की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। यही नहीं, भाजपाइयों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी अभद्रता की। उन्होंने सीओ सिटी चंद्रमोहन सिंह पर असामाजिक तत्वों का साथ देने का भी आरोप लगाया।  

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस भवन से आज कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकला। यह जुलूस घंटाघर पहुंचा और वहां जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा की हरकत सहन करने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भाजपा को संरक्षण देते हुए कांग्रेस भवन में घुसपैठ कराई है। कहा कि इस मामले में वह सुप्रीम कोर्ट तक भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। 

उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस को कतई भी कमजोर ना समझे। जरूरत पड़ने पर कांग्रेस जन आंदोलन करेगी। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस मुख्यालय में घुसपैठ की खबर पुलिस मुख्यालय को तक नहीं थी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से सत्ता के नशे में मदमस्त है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा रखी है।  

इस मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना,राजकुमार समेत अन्य मौजूद रहे। घंटाघर में प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता एस्लेहाल चौक पहुंचे और भाजपा का पुतला जलाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सचिवालय की तरफ रुख करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई।  

डोईवाला में फूंका पुतला 

डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार का पुतला फुका गया। ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस मोहित नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ता डोईवाला चौक एकत्र हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंका।  

इस मौके पर मोहित नेगी ने कहा पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के हार से बौखलाए भाजपा के नेता व कार्यकर्ताओं ने पुलिस के संरक्षण में कांग्रेस मुख्यालय में घुसने के प्रयास किया। साथ ही वहां तोड़फोड़ की। भाजपा सरकार सरेआम गुंडागर्दी  कर रही है। 

प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल, सागर मनवाल, नवीन मिश्रा, पन्ना लाल गोयल, बाला देवी, गौरव मल्होत्रा, बलविंदर सिंह, सूंदर लोधी,  नितिन गोला, अमित मनवाल, आदि मौजूद थे। 

टिहरी में भी किया प्रदर्शन 

नई टिहरी में कांग्रेस ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार गुंडागर्दी में उतर गई है और अब इस तरह के काम कर रही है। कांग्रेस इसका विरोध करेगी और जनता को भाजपा की सच्चाई बताएगी। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सूरज राणा, शांति प्रसाद भट्ट आदि मौजूद रहे।

हद पार कर गई भाजपा 

ऋषिकेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के समक्ष भाजपा का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपनी हद पार कर लोकतांत्रिक मान्यताओं को झुठला रहे हैं। यही कारण है कि इन लोगों ने पीसीसी कार्यालय राजपुर रोड में घुसकर मारपीट तोड़फोड़ और बदसलूकी की। 

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, जयपाल जाटव, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, नगर अध्यक्ष विनय सारस्वत, ज्योति सजवान, मदन मोहन शर्मा, शिव मोहन मिश्र, सरोज देवरानी, मधु जोशी आदि शामिल हुए।

बाजपुर में कांग्रेसियों ने सरकार का पुतला जलाया 

बाजपुर में भाजपा के विरोध में उतरे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरिया मोड़ पर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। 

कार्यकर्ता श्री रामलीला परिसर में एकत्रित हुए। जहां से कांग्रेस जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुतले के साथ नारेबाजी करते हुए बेरिया मोड़ पर पहुंचे। यहां जोरदार विरोध-प्रदर्शन कर पुतले को आग के हवाले किया गया। 

उनका कहना था कि केंद्र व प्रदेश सरकार देश की जनता के साथ धोखा कर रही है। राफेल घोटाला करने वाली केंद्र की भाजपा सरकार इसे छुपाने के लिए झूठ बोलकर देश की भोली-भाली जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में घुसकर पूरी गुंडागर्दी दिखा अराजकता फैलाने का काम किया है। 

इस मामले में आरोपित भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सेन, नगर अध्यक्ष राजेंद्र बेदी, सुनील चानना, रेशम यादव, प्रेम सिंह यादव, सुभाष शर्मा, नत्था सिंह, जगतार बाजवा, तनवीर खां, साबिर हुसैन, बब्बू सैफी, असलम, राधेश्याम, राजकिशोर आदि मौजूद थे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com