इलाहाबाद। जिले के हण्डिया थानान्तर्गत पोलिटेकनिक के समीप विन्ध्याचल से दर्शन करके लौट रहे दर्शनार्थियों की कार मंगलावार की भोर में एक बस में भिड़ी। हादसे में फूलपुर एसडीएम के पेशकार की मौत हो गयी। जबकि हादसे में कार चालक घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज अजहरा थाना क्षेत्र के पाना का पूरा गांव के निवासी वृजेन्द्रमणि शुक्ला 50वर्ष पुत्र सरजू नारायण जिले के फूलपुर एसडीएम के पेशकार थे। वह सोमवार की रात अपने परिवार के साथ विन्ध्याचल दर्शन करने के लिए अपनी कार से गये। वापस लौटते समय रास्ते में हण्डिया कस्बे के समीप एक बस में पीछे से कार जा घुसी। जिससे चालक व पेशकार वृजेन्द्रमणि शुक्ला घायल हो गये। हादसे की सूचना पर दोनों लोगों को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय भेज गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चालक का उपचार शुरू कर दिया। चिकित्सकों ने शव को चीरघर भेज दिया। हादसे के सम्बन्ध में परिजनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को खबर दी। खबर मिलते ही उनके परिवार के लोग भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। हण्डिया इंस्पेक्टर के मुताबिक कार पीछे से बस में जा घुसी। हादसे में घायल फूलपुर के एसडीएम के पेशकार की मौत हो गयी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal