Friday , April 19 2024

चाचा-भतीजा के बीच विवाद सुलटा मुलायम दिल्ली रवाना

akhileshvsshivpal-1473821632लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव के बीच चल रहे सत्ता संघर्ष को विराम देने के बाद सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गये। दिल्ली रवाना होने से पहले हवाई अड्डे पर उन्होंने शिवपाल से भेंट की। मुलायम सिंह यादव रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली रवाना होने से पहले सपा के प्रदेश अध्यक्ष और उनके छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव उनसे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर मिले। हवाई अड्डे पर सपा मुखिया से मिलने प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दीपक सिंघल भी पहुंचे थे।

गौरतलब है कि चाचा शिवपाल और भतीजे अखिलेश के बीच पिछले कई दिनों से सत्ता का संघर्ष चल रहा था। परिवार और पार्टी के बीच चल रहे इस विवाद को शांत कराने के लिए पिछले दो दिन से मुलायम सिंह यादव राजधानी में थे। इस दौरान उन्होंने दोनों लोगों के बीच सुलह कराकर दायित्वों और शक्तियों का बंटवारा कर दिया। हालांकि अखिलेश और शिवपाल के बीच उपजा यह घमासान अभी थमता नहीं दिख रहा है क्योंकि समझौते के बाद भी शिवपाल ने अखिलेश के दो चहेतों राजेंद्र चौधरी और अरविंद सिंह गोप को क्रमशः पार्टी प्रवक्ता और महामंत्री के पद से हटा दिया। उधर, अखिलेश ने भी शिवपाल को सभी विभाग दे दिये लेकिन उनका प्रमुख चहेता लोक निर्माण विभाग अपने पास रख लिया। इस तरह चाचा और भतीजे के बीच शुरू हुआ सत्ता संघर्ष अभी थमता नहीं दिख रहा है। फिलहाल, विवाद को विराम देने के बाद सपा मुखिया आज दिल्ली के लिए रवाना हो गये।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com