Tuesday , April 23 2024

जात-पांत से उठकर भाजपा के पक्ष में लहर : जावडेकर

लखनऊ। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेड़कर ने तीन चरणों के मतदान प्रतिशत और जनता के रूझान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन, विकास और गरीबों, दलितों, वंचितों के कल्याण की दिशा में उठाए गए कदमों पर जनता की मुहर बताया है।

जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन, गरीबों व आम नागरिकों के कल्याण, भ्रष्टाचार मुक्त सरकार से प्रभावित होकर भाजपा के पक्ष में लहर बना दी है। श्री जावेड़कर ने कहा कि प्रदेश के मतदाताओं ने जात-पात से ऊपर उठकर भाजपा के पक्ष में प्रचंड मतदान किया है और भाजपा इस बार प्रदेश में 300 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश को तरक्की और अमन-चैन के मार्ग पर ले जाने का संकल्प पूरा करेगी।

पार्टी मुख्यालय पर संवाददाताओं से वार्ता करते हुए जावेड़कर ने कहा कि पिछले 70 सालों से देश का गरीब कभी कांग्रेस तो कभी सपा व बसपा जैसे दलों पर विश्वास करता रहा। लेकिन सपा, बसपा व कांग्रेस तीनों ने गरीबों को लूटा और गरीब बनाए रखा। कांग्रेस नीत यूपीए के शासन में सपा व बसपा भागीदार थे और देश के संसाधनों को लूटने, वंशवाद को पोषने और भ्रष्टाचार में उनका साथ दिया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वेश बदलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की कि वे साफ-सुथरे बन गए हैं। लेकिन एक लाख करोड़ का खनन घोटाला करने वाले और महिला की इज्जत पर हाथ डालने वाले अपने मंत्री और जमीन घोटाला करने वाले यादव सिंह को बचाने के लिए उन्होंने पूरी ताकत लगा दी।

अखिलेश यादव भ्रष्टाचार के आरोपी गायत्री प्रजापति और बलात्कार व हत्या के आरोपी सपा विधायक अरुण वर्मा के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। अखिलेश सरकार निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे खूब लिखाती है, लेकिन आम आदमी थाने में फरियाद लेकर जाता है तो उसे भगा दिया जाता है और उसके साथ पुलिस दुव्र्यवहार करती है। यह साबित करता है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भ्रष्टाचार व अपराध को संरक्षण देते हैं और गुंडागर्दी, अराजकता, जंगलराज अखिलेश राज्य का असली चरित्र है।

माल कमाने को सपा, बसपा, कांग्रेस दाम कराते थे महंगा

श्री जावेड़कर ने कहा कि एक जमाना वह था, जब एलईडी बल्ब 300 रुपए में मिलता था। मोदी जी की सरकार बनने के बाद एलईडी निर्माताओं को इसका दाम कम करने को कहा गया। सौ करोड़ एलईडी बल्ब का आर्डर सुनकर निर्माता कहने लगे कि कांग्रेस नीत यूपीए की सरकार में कहा जाता था कि इतना आर्डर देंगे तो हमें क्या मिलेगा, यह बताओ। सरकारी आर्डर में माल कमाने के लिए कांग्रेस, सपा व बसपा की सरकारों में वस्तुएं के दाम महंगे करवाए जाते थे।

फीस के नाम पर लूट नहीं होने देंगे

निजी स्कूलों द्वारा फीस के नाम पर लूट-खसोट पर श्री जावेड़कर ने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर निजी स्कूलों के मनमाने फीस लेने पर नकेल कसी जाएगी। उन्होंने निजी स्कूलों में निवेश गलत नहीं है, लेकिन यह निवेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए होना चाहिए, न कि अभिभावकों की जेब पर डाका डालने के लिए। निजी स्कूलों की फीस में लूट-खसोट रोकने के लिए योजना तैयार है और सरकार बनते ही इसे लागू कर दिया जाएगा। प्रदेश में सरकार बनने गांवों व शहरों में अध्यापकों की संतुलित तैनाती की जाएगी। वर्षो से लंबित शिक्षा मित्रों की विनियमितीकरण की समस्या का समाधान किया जाएगा। साथ ही एक लाख शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले 900 रुपए लागत वाली एनसीईआरटी की पुस्तकें 5-5 हजार में मिलती थीं, लेकिन अब केंद्र सरकार ने निर्देश दिया है कि सालभर की ये किताबें 900 रुपए में ही दी जाएंगी और सबको आसानी से उपलब्ध कराई जाएंगी।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com