Wednesday , April 24 2024

फिर पेरिस में लूव्र संग्रहालय पर आतंकी हमला, जवान ने आतंकी पर झोका फायर

पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में फिर आतंकी ने मशहूर लूव्र संग्रहालय को निशाना बनाने की कोशिश की। चाकू से किए गए हमले में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।

 सतर्क सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को 5 गोलियां मारकर घायल कर दिया।उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रधानमंत्री बर्नार्ड कजेनेव ने इसे आतंकी हमला करार दिया है।

पुलिस के मुताबिक हमलावर की राष्ट्रीयता के बारे में फिलहाल पता नहीं चल सका है। पेरिस के पुलिस प्रमुख माइकल कैडॉट ने बताया कि हमलावर के पास दो बैग थे। लेकिन इनमें किसी तरह का विस्फोटक नहीं मिला।

पिछले कुछ वर्षों में लगातार आतंकी हमले के कारण फ्रांस महीनों से हाई अलर्ट पर है। पेरिस में हजारों जवान अत्याधुनिक हथियार के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं। इसके बावजूद पेरिस के सबसे मशहूर पर्यटक स्थलों में से एक पर हमले की घटना सामने आई है।

शहर के मध्य में स्थित लूव्र संग्रहालय पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। यहां हर साल लाखों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। यहीं पर मोनालिसा की मशहूर पेंटिंग्स है। इसमें शॉपिंग कांप्लेक्स और कई प्रदर्शनी स्थल भी हैं।

कैडॉट ने बताया कि हमले के वक्त संग्रहालय में करीब 250 पर्यटक मौजूद थे। उन्हें सुरक्षित स्थान पर रोक लिया गया। बाद में उनको छोटे-छोटे समूहों में निकाला गया। पिछले साल इस संग्रहालय में 73 लाख पर्यटक आए थे।

हमलों से त्रस्त फ्रांस

फ्रांस पिछले दो-तीन वर्षों से आतंकियों के निशाने पर है। इसकी शुरुआत जनवरी, 2015 में शार्ली अब्दो समाचारपत्र के कार्यालय पर हमले से हुई थी। इसके साथ ही यहूदी सुपरमार्केट को भी निशाना बनाया गया था। हमले में पत्रकारों समेत 17 लोगों की हत्या कर दी गई थी।

इसी साल 13 नवंबर को पेरिस पर फिर से हमला किया गया। ताबड़तोड़ हमलों में 130 लोगों की जान चली गई थी। जुलाई, 2016 को नीस में ट्यूनीशियाई आतंकी ने भीड़ पर ट्रक दौड़ा दिया था, जिसमें 86 लोगों की मौत हो गई थी।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com