Friday , April 19 2024

फिर सामने आयी पाक की नापाक करतूत, की गोलीबारी,एक जवान घायल

jammuम्मू। अंतराष्ट्रीय सीमा पर स्थित हीरानगर सेक्टर की बोबिया पोस्ट पर 24 घंटे के भीतर पाक सैनिकों ने लगातार दूसरी बार गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित इस पोस्ट व गांव को निशाना बनाते हुए पाक सेना ने गोलीबारी की, जिसका भारतीय सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जबाव दिया।

इस गोलाबारी के दौरान बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया है। बीएसएफ की जवाबी फायरिंग में पाकिस्तान रेंजर्स का एक जवान भी मारा गया। आज घायल हुआ जवान गुरनाम सिंह 173 बीएसएफ (ई कम्पनी) में तैनात था और वह इंदिरा नगर, जम्मू का निवासी है। घायल जवान को जीएमसी जम्मू में उपचार के लिए ले जाया गया है।

गुरूवार को भी पाक सैनिकों ने आतंकियों की घुसपैठ करवाने के इरादे से गोलाबारी की थी जिसका भारतीय जवानों द्वारा मुंहतोड़ जबाव देने के बाद सीमा पार से गोलीबारी बंद हो गई थी। इस गोलीबारी में किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ था। इस गोलीबारी से इस सेक्टर के सीमावर्ती लोग एक बार फिर दहशत में आ गए हैं।

यह सेक्टर भी हमेशा से पाकिस्तान की गोलीबारी का निशाना रहा है। आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए भी पाक सेना इन क्षेत्रों में गोलीबारी करती आई है। धान की फसल की कटाई में लगे लोगों को एक बार फिर पाक गोलीबारी का डर सताने लग गया है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना द्वारा गुलाम कश्मीर में की गई सैन्य कार्रवाई के बाद से ही पाकिस्तान पुंछ व कश्मीर घाटी में बार-बार सीजफायर का उल्लंघन कर भारतीय चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहे है किन्तु अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस सैक्टर में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद यह पहला मौका है जब पाक ने सीजफायर का उल्लंघन कर गोलीबारी की है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com