Friday , April 19 2024

राजनाथ का दावा उत्तराखंड में बनेगी भाजपा की सरकार

हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के अन्तर्गत ग्राम दुर्गागढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया।

खराब मौसम के बावजूद हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमुदाय से राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार बनाने का आहृवान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने उत्तराखण्ड जनता को तोहफे में दिया था। उत्तराखण्ड को कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। आपदा में भी जमकर भ्रष्टाचार हुआ। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस डूबती नाव के समान है।

इस कारण ही उसके अपने उसे छोड़कर भाग रहे हैं। कारण की भाजपा मजबूत है और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रही है। इस कारण लोगों का झुकाव भाजपा की ओर है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र में मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार है। प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनानी होगी जिससे तेजी से उत्तराखण्ड का विकास हो सके। भाजपा उत्तराखण्ड के विकास के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश को दुनिया का सबसे प्रमुख पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। यह तभी संभव है जब जनता भाजपा को प्रदेश की बागडोर दे।

कहा कि प्रदेश में स्नातक स्तर तक लड़कियों की शिक्षा फ्री होगी और गरीब छात्रों को बिना ब्याज ऋण दिया जाएगा। रोजगार की समस्या के समाधान के लिए राजनाथ सिंह ने कहा कि मुद्रा बैंक से सस्ते ब्याज पर ऋण दिलवाने की व्यवस्था की जाएगी ताकि युवा स्वरोजगार प्राप्त कर औरों को भी रोजगार दे सके।

कश्मीर मुद्दे पर बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जो पाक कश्मीर मुद्दे पर जनमत संग्रह का राग अलाप रहा है। हमने स्पष्ट कह दिया है कि अब जनमत संग्रह कश्मीर में नहीं पाकिस्तान में होगा। 5 वर्ष पूर्व मैं स्वामी यतीश्वरानंद के लिए वोट मांगने दुर्गागढ़ आया था और इस क्षेत्र की जनता ने स्वामी यतीश्वरानंद को भारी बहुमत से जीताकर अपना विधायक चुना था।

उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा की जनता को आश्वासन देते हुए कहा कि इस बार उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और स्वामी यतीश्वरानंद कैबिनेट मंत्री बनेंगे।

जनसभा में पहुचे गृहमंत्री का सांसद डा0 रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक स्वामी यतीश्वरानंद प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश जमदग्नि, जिला अध्यक्ष डा0 जयपाल सिंह चैहान चुनाव संयोजक सत्यकुमार, मंडल अध्यक्ष अश्विनी पाल, महंत राममुनि, बलवंत पंवार, आदि ने माला पहनाकर, शाॅल, गंगाजलि, तलवार भेंट कर अभिनंदन किया। गृहमंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डा0 रमेश पोखरियाल निशंक ने अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए भाजपा को वोट देने का आह्वान किया।

हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने विगत 5 वर्षों में विपक्ष में रहते हुए भी कराये गये विकास कार्यो के आधार पर जनता सेे समर्थन और वोट देने का अनुरोध किया। दुर्गागढ़ में आयोजित विशाल जनसभा में आस-पास के गांव से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण जनता राजनाथ सिंह को सुनने के लिए पहुंचे थे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com