Friday , April 19 2024

सपा-बसपा ने किया यूपी को बर्बाद : शाह

लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सपा और बसपा पर उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए रविवार को महाराजगंज में चुनावी रैली को सम्बोधिति करते हुए कहा कि विधानसभा के इस बार के चुनाव परिणाम जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण करने वाली सरकार का खात्मा कर देंगे।

श्री शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और यूपी के अच्छे दिन शुरू हो जाएंगे। इस बार परिणाम आते ही यूपी में जातिवाद फैलाने वाली सरकार समाप्त होगी। परिवार का शासन चलाने वाली सरकार खत्म होगी। तुष्टिकरण करने वाली सरकार समाप्त हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में सबका साथ सबका विकास मानने वाली भाजपा की सरकार आएगी। उन्होंने वोटरों से कहा, आपने सपा और बसपा को मौका दिया। कांग्रेस को मौका दिया। अब एक मौका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दे दीजिए।

उत्तर प्रदेश में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण समाप्त कर देंगे। भाजपा सरकार बनने पर राज्य के कत्लखाने बंद करने का ऐलान करते हुए शाह ने कहा कि वह प्रदेश में खून की नहीं बल्कि दूध और घी की नदियां बहाना चाहते हैं। शाह ने कहा, उत्तर प्रदेश में जिस दिन भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा, रात बारह बजे के पहले राज्य के सारे कत्लखाने बंद कर दिये जाएंगे। अब तक प्रदेश में गाय, भैंस और बैल के खून की नदियां बहायी गयीं। हम भी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में नदियां बहें लेकिन खून की नहीं बलिक दूध और घी की नदियां।

उन्होंने कहा कि पिछले 15 साल से सपा और बसपा के शासन ने प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया है। ना तो गांवों में 24 घंटे बिजली आती है, न ही महिलाएं सुरक्षित हैं, ना युवाओं को रोजगार है और ना ही व्यापारी सलामत हैं। श्री शाह ने कहा कि दवाइयां सस्ती नहीं हैं, किसानों के धान की खरीद नहीं हुई, गन्ना किसानों को उनका बकाया धन नहीं मिला। लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कहते हैं कि काम बोलता है।

साथ ही अखिलेश पर तंज कसा, पूरे उत्तर प्रदेश को उन्होंने हत्या के मामले में नंबर वन बना दिया। बलात्कार में नंबर वन बनाया। चोरी, लूट, डकैती, फिरौती और अपहरण के मामले में ….. सब मामलों में उत्तर प्रदेश को नंबर वन बनाने का काम सपा की सरकार ने किया है।अखिलेश लगता है कि यही काम है इसलिए कहते हैं काम बोलता है। सपा-कांग्रेस गठजोड पर हमलावर होते हुए शाह ने कहा कि अब दूसरा भी आ मिला है। दो शहजादे मिले हैं। कैसे हैं दोनों शहजादे …. एक से उसकी मां परेशान है तो दूसरे से बाप और दोनों से उत्तर प्रदेश परेशान है। ये लोग प्रदेश का भला नहीं चाहते। शाह ने कहा कि केन्द्र ने उत्तर प्रदेश के लिए हर साल एक लाख करोड़ रुपये ज्यादा भेजा। ढाई साल में ढाई लाख करोड रुपये भेजे गये लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता को कुछ नहीं मिला। चाचा भतीजे की जोड़ी मिलकर खा गयी।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com