Saturday , April 20 2024

सुरक्षा वापस किया जाना राजनीति षड़यंत्र : भाजपा

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सरोजनीनगर विधानसभा से प्रत्याशी स्वाति सिंह की सुरक्षा वापस लिए जाने को राजनीति से प्रेरित बताया।

उन्होंने कहा कि यह अजीब स्थिति है, जब स्वाति सिंह की सुरक्षा भाजपा प्रत्याशी बनने के बाद बढ़ानी चाहिए थी उस वक्त उनकी सुरक्षा व्यवस्था हटा ली गयी है। सरोजनीनगर सीट पर मुख्यमंत्री के भाई सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे है। ऐसे में मुख्यमंत्री के इशारे पर ही भाजपा प्रत्याशी की सुरक्षा हटाई गई है।

त्रिपाठी ने कहा कि 22 जुलाई 2016 को हजरतगंज में बसपा नेताओं ने स्वाति सिंह व उनके परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति अभद्र भाषा व गालियों का प्रयोग कर जान-माल की धमकी भी दी थी जिसके सम्बन्ध में स्वाति सिंह व परिजनों की तरफ से नसीमुद्दीन सिद्दीकी व राम अचल राजभर सहित अन्य बसपा नेताओं पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी।

उस समय प्रशासन ने स्वाति सिंह को सुरक्षा प्रदान की थी लेकिन राजनीतिक विद्वेषवश इस समय उनकी सुरक्षा वापस किया जाना गंभीर चिन्ता का विषय है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर स्वाति सिंह की सुरक्षा वापस किये जाने को संज्ञान में लेने की मांग की साथ ही स्वाति सिंह को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए एसएसपी लखनऊ को निर्देश देने की भी मांग की।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com