मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, खासकर इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के असर से भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। निवेशकों की सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की ओर बढ़ती रुचि ने बहुमूल्य धातुओं को मजबूती दी।
घरेलू सर्राफा बाजार का हाल
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 8,374 रुपए बढ़कर 1,67,471 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 1,59,097 रुपए था।
इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,45,733 रुपए से बढ़कर 1,53,403 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया।
18 कैरेट सोने की कीमत 1,19,323 रुपए से चढ़कर 1,25,603 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला। चांदी 23,148 रुपए मजबूत होकर 2,89,848 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई, जो पहले 2,66,700 रुपए प्रति किलो थी।
वायदा बाजार में भी तेजी
हाजिर बाजार के साथ-साथ वायदा बाजार में भी मजबूती बनी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 2 अप्रैल 2026 के सोने के कॉन्ट्रैक्ट में 4.09 प्रतिशत की तेजी आई और इसका भाव 1,68,740 रुपए पर पहुंच गया।
वहीं, 5 मई 2026 के चांदी कॉन्ट्रैक्ट में 4.49 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और कीमत 2,95,336 रुपए तक पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का रुख
वैश्विक बाजार में भी तेजी का माहौल रहा। COMEX पर सोना 2.78 प्रतिशत चढ़कर 5,397 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि चांदी 1.90 प्रतिशत की मजबूती के साथ 95.09 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
एलकेपी सिक्योरिटीज के विशेषज्ञ जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने सोने को सपोर्ट दिया है। उनका कहना है कि यदि सोना 1,64,000 रुपए के अहम सपोर्ट स्तर के ऊपर बना रहता है, तो आगे भी तेजी जारी रह सकती है। आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक आंकड़े और भू-राजनीतिक घटनाक्रम बाजार की दिशा तय करेंगे।



