पीछे से मारी टक्कर पिता की मौके पर  मौत, दूसरा युवक जिंदगी की मौत से लड़ रहा

फाजिलनगर(कुशीनगर)| नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया चौहान पट्टी के पास तेज रफ्तार बाइक ने आगे चल रहे मोटरसाइकिल सवार को पीछे से इतनी भीषण टक्कर मारी कि 45 वर्षीय प्रदीप कुशवाहा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार भी सड़क किनारे लगी सीमेंट की कुर्सी से जा टकराया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाईवेपरअफरा-तफरी मच गई।

 मिली जानकारी के अनुसार चौरा खास क्षेत्र के सरैया महंथ पट्टी निवासी प्रदीप कुशवाहा (45) बुधवार रात करीब 10 बजे जोकवा बाजार से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मधुरिया चौहान पट्टी के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि प्रदीप सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद अनियंत्रित हुई दूसरी बाइक सड़क किनारे लगी सीमेंट की कुर्सी से टकरा गई। उसमें सवार ईसहाक अंसारी (20) निवासी सबया, थाना कसया गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है।सूचना मिलते ही तुर्कपट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।प्रदीप कुशवाहा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे 14 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुशवाहा और 10 वर्षीय पुत्री अर्पिता को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Back to top button