चिल्लूपार के विकास के लिए विधायक राजेश त्रिपाठी ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

बड़हलगंज। चिल्लूपार विधायक और विधान मंडल दल सचेतक राजेश त्रिपाठी ने गुरुवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ आवास पर मुलाकात कर चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र के अनेक मुद्दों पर मंत्रणा कर उसे पूरा कराने के लिए अनुरोध पत्र सौंपा।

उक्त जानकारी देते हुए विधायक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने चिल्लूपार की 100 ऐसी प्रमुख सडकों की लिस्ट सीएम को सौंपी जो इधर काफी खराब हो गयीं है। उन सभी सड़कों को बरसात के दौरान ही चलने लायक और बरसात बाद विशेष मरम्मत कराकर एक लेयर बनवाने का अनुरोध किया। साथ ही गोला तहसील के अधिवक्ताओं और आम जनता की वर्षों से चली आ रही गोला तहसील मुख्यालय पर दिवानी न्यायालय स्थापित करने की की मांग पर विस्तार से वार्ता हुई और उसके लिए अनुरोध पत्र भी सौंपा। पूर्व मंत्री श्री त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वर्षों से गोरखपुर जनपद का सर्किल रेट नहीं बढ़ पाया है जिससे किसानों का भी नुकसान हो रहा है और शासकीय राजस्व का भी। ऐसे में गोरखपुर जनपद का सर्किल रेट बढ़ना चाहिए जिससे किसानों को उनकी भूमि का पर्याप्त आर्थिक लाभ मिल सके। श्री त्रिपाठी ने बताया कि पिछले दिनों गोरखपुर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का संगठन उनसे मिलकर बताया था 20 साल की नियुक्ति के बाद भी गोरखपुर जनपद के 3200 सहित प्रदेश के 1 लाख ग्रामीण सफाई कर्मियों की वेतन सेवा नियमावली बनाने के लिए आग्रह किया। श्री त्रिपाठी ने तीहा मुहम्मदपुर अंडरपास में हो रहे भारी जल-जमाव की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने का अनुरोध किया। श्री त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री से पितरों की तृप्ति के लिए हो रहे रुद्र महायज्ञ और सरयू अमृृत महोत्सव में आगमन के लिए भी निमंत्रित किया ।

Related Articles

Back to top button