
बड़हलगंज। गोरखपुर के डीआईजी एसएस चन्नप्पा ने शनिवार को बड़हलगंज कोतवाली पहुंचकर समाधान दिवस में भाग लिया। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने कंप्यूटर कक्ष, हाजिरी रजिस्टर और नारी शक्ति मिशन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।डीआईजी ने कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों और महिला सिपाहियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।सावन में कांवड़ यात्रा को देखते हुए डीआईजी ने कस्बे के मुक्तिपथ स्थित रामकवल शाही घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने सरयू नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाट पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।इस दौरान एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी, सीओ गोला दरवेश कुमार, कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव, कस्बा प्रभारी जितेंद्र मिश्र सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



