नारायणी नदी में शव मिलने का सिलसिला जारी, अब तक पांच शव बरामद

तीन नंबर ठोकर पर मिल रहे शव, एसडीआरएफ कर रही निगरानी

खड्डा/कुशीनगर। नेपाल में आई त्रासदी के बाद नारायणी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी और तेज बहाव के बीच शुक्रवार को खड्डा क्षेत्र में नदी के तीन नंबर ठोकर के समीप शव मिलने का सिलसिला जारी है। तीन दिनों में पांच शव मिलने से हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ की टीम निगरानी कर रही है। खड्डा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक शवों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

नेपाल में हुई त्रासदी के बाद नारायणी नदी में बढ़े पानी को देखते हुए खड्डा क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी कर रहे हैं। नदी के तटवर्ती इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने नदी के आसपास के संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

उपजिलाधिकारी सर्वेश सिंह, तहसीलदार महेश कुमार और थानाध्यक्ष संदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके की निगरानी में जुटे रहे। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर, बहाव और तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने तटवर्ती लोगों से नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। महिला का शव नदी में कहां से बहकर आया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button