लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार

लूट का मोबाइल, पर्स और 9,100 रुपये बरामद, चोरी के मोबाइल के पार्ट्स भी मिले

सेवरही। कुशीनगर | जनपद कुशीनगर के सेवरही पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने लूट की एक घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल, लेडीज पर्स और 9,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि 15 अगस्त की रात दिलीप सिंह निवासी गौरी श्रीराम, थाना विशुनपुरा, अपनी पत्नी पम्मी पटेल और पुत्र आदर्श सिंह के साथ तमकुहीराज मेला देखकर घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे अहिरौली हनुमान सिंह स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास पीछे से आए दो मोटरसाइकिल सवार बदमाश उनकी पत्नी का हैंडबैग छीनकर फरार हो गए थे। बैग में 10 हजार रुपये नकद और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल था। घटना के संबंध में सेवरही थाने में मुकदमा अपराध संख्या 208/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने जांच के दौरान फैयाज शेख निवासी रकबा दुलमा पट्टी टोला रामसगरा और नजरे आलम निवासी रकबा दुलमा पट्टी टोला रामसगरा, थाना सेवरही को गिरफ्तार किया।

पत्नी को मोबाइल देने के लिए की थी लूट, पुलिस पूछताछ में नजरे आलम ने बताया कि वह फैयाज शेख का मित्र है और अपनी नवविवाहिता पत्नी को नया मोबाइल देने के लिए दोनों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 9,100 रुपये और पर्स बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों अभियुक्तों ने लूटा गया मोबाइल तमकुहीराज स्थित पुरानी मोबाइल खरीद-बिक्री की दुकान पर आसीर अली निवासी भटवलिया नंबर-2, थाना तमकुहीराज को बेच दिया था। पुलिस ने आसीर अली को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया सैमसंग मोबाइल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार आसीर अली चोरी के मोबाइलों को खोलकर उनके कीमती पार्ट्स स्क्रीन, टच, कैमरा और बैटरी आदि अलग-अलग निकालकर पश्चिम बंगाल में बेचता था। उसकी दुकान की तलाशी के दौरान 18 खुले मोबाइल, बड़ी मात्रा में एंड्रॉइड मोबाइल के पार्ट्स और कीपैड मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 208/2026 में धारा 309(4), 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सन्नी दूबे, चौकी प्रभारी कस्बा सेवरही उपनिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक राम सिंह, उपनिरीक्षक राजेश यादव समेत स्वाट, सर्विलांस और सेवरही पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button