नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

इटावा । थाना बलरई पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर को बलरई थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी करीब नौ वर्षीय बेटी के साथ गलत कार्य किए जाने की सूचना दी थी। आरोप है कि बालिका खेत की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में मिले अजब सिंह ने उसे खाने-पीने का लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। शुक्रवार को बलरई पुलिस ब्रम्हाणी देवी चौराहा पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी ब्रम्हाणी मंदिर से पीहरपुर खारजा नहर पुल होते हुए यमुना नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजब सिंह पुत्र दाताराम, निवासी ग्राम गढ़ी रामधन, थाना बलरई, इटावा, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें 👆

 

 

Related Articles

Back to top button