वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के दादूपुर स्थित कैंप कार्यालय में श्रमिक हित में कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने 8 मेधावी श्रमिक छात्राओं को स्कूटी की चाबी सौंपी। इसके अलावा 76 श्रमिकों को साइकिल, 76 महिला श्रमिकों को सिलाई मशीन और 376 श्रमिकों को विभिन्न विधाओं के टूल किट वितरित किए गए।
स्कूटी की चाबी हाथ में आते ही श्रमिक परिवारों की बेटियों के चेहरे खिल उठे। वहीं सिलाई मशीन और टूल किट मिलने से लाभार्थियों को स्वरोजगार तथा अपने पारंपरिक काम को आगे बढ़ाने की उम्मीद मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि श्रमिक समाज की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार श्रमिकों के कल्याण, उनके बच्चों की शिक्षा, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगारपरक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्राओं को स्कूटी मिलने से शिक्षा और आवागमन में सुविधा होगी, जबकि सिलाई मशीन से महिला श्रमिकों को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा। टूल किट से श्रमिक अपने पारंपरिक और तकनीकी कार्यों को बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम है।
कार्यक्रम में संजय सिंह, कमलेश मौर्य, प्रकाश राजभर सहित बड़ी संख्या में श्रमिक, स्थानीय लोग और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



