योगी का बड़ा फैसला, सिपाही से दरोगा बने पुलिसकर्मियों को मिली राहत

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आरक्षी से उपनिरीक्षक (दरोगा) बने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती-2025 में चयनित ऐसे अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण के दौरान जमा कराई गई करीब 8 लाख रुपये की बांड राशि की रिकवरी माफ करने का फैसला किया है। इससे उन पुलिसकर्मियों को राहत मिलेगी, जिन्हें सिपाही से दरोगा बनने के बाद पुरानी ट्रेनिंग और वेतन की रकम लौटाने की शर्त का सामना करना पड़ रहा था।

यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती-2025 में कुल 4,543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें करीब 1,700 अभ्यर्थी पहले से ही उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात थे। इन अभ्यर्थियों ने विभागीय सेवा में रहते हुए परीक्षा पास की और अब उपनिरीक्षक बनने जा रहे हैं।

सिपाही से दरोगा बनने पर क्यों मांगे जा रहे थे पैसे?

दरअसल, पुलिस आरक्षियों को प्रशिक्षण के दौरान बांड भरना पड़ा था। इसके तहत निर्धारित अवधि से पहले सेवा छोड़ने या पद बदलने की स्थिति में प्रशिक्षण खर्च और वेतन की रकम वापस करने की शर्त थी।

उपनिरीक्षक भर्ती में चयनित होने के बाद इन अभ्यर्थियों से करीब 8 लाख रुपये तक की रिकवरी की बात सामने आई थी। इसमें प्रशिक्षण खर्च के 2,70,982 रुपये और वेतन के 4,63,150 रुपये शामिल बताए गए थे।

मुख्यमंत्री योगी से की थी रिकवरी माफ करने की मांग

प्रभावित अभ्यर्थियों का कहना था कि वे पुलिस विभाग छोड़कर किसी दूसरे विभाग में नौकरी करने नहीं जा रहे हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस में ही आरक्षी से उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत होकर सेवाएं देंगे। ऐसे में उनसे प्रशिक्षण और वेतन की रकम वापस लेना उचित नहीं है।

इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर रिकवरी माफ करने की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए करीब 8 लाख रुपये की रिकवरी माफ करने का फैसला किया है। इससे लगभग 1,700 चयनित पुलिसकर्मियों को राहत मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

Related Articles

Back to top button