अर्थव्यवस्था को लेकर अच्छी खबर, मूडीज ने बढ़ाया GDP ग्रोथ का अनुमान

रेटिंग एजेंसी मूडीज ने भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर को लेकर अपना अनुमान बढ़ा दिया है। एजेंसी के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की अर्थव्यवस्था 7 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। इससे पहले मूडीज ने विकास दर 6.5 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। अर्थव्यवस्था के अलग-अलग क्षेत्रों में तेजी और तेल की आपूर्ति से जुड़े झटकों का सामना करने की भारत की क्षमता को इस बढ़ोतरी की वजह बताया गया है।

मूडीज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत विकास रफ्तार और ऊर्जा आपूर्ति में आने वाली बाधाओं से निपटने की क्षमता को देखते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विकास दर का अनुमान 6.5 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया गया है।

महंगाई से घरेलू खपत पर पड़ सकता है असर

हालांकि, मूडीज ने अपनी रिपोर्ट ‘ग्लोबल मैक्रो आउटलुक 2027-28’ में यह भी चेतावनी दी है कि निकट भविष्य में भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने कुछ जोखिम बने रहेंगे। एजेंसी के मुताबिक, महंगाई का दबाव बढ़ने और कई क्षेत्रों तक फैलने से घरेलू खपत प्रभावित हो सकती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि खुदरा महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 2 से 6 फीसदी के निर्धारित दायरे की ऊपरी सीमा के करीब है। ऐसे में महंगाई में और बढ़ोतरी होने पर आम लोगों के खर्च और मांग पर असर पड़ सकता है।

मानसून और अल नीनो भी बढ़ा सकते हैं चिंता

मूडीज ने कृषि क्षेत्र को लेकर भी जोखिम जताया है। एजेंसी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमी और अल नीनो की मजबूत होती परिस्थितियों का असर कृषि उत्पादन पर पड़ सकता है। इसका प्रभाव ग्रामीण इलाकों की मांग पर भी देखने को मिल सकता है।

इस तरह एक ओर अर्थव्यवस्था की तेज विकास रफ्तार भारत के लिए सकारात्मक संकेत है, तो दूसरी ओर महंगाई, मानसून और ग्रामीण मांग से जुड़े जोखिम आने वाले समय में आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button