
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे गश्त के दौरान बाइक सवार हमलावरों ने सीआरपीएफ जवानों पर फायरिंग कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मीर बाजार के पास हुई वारदात
अधिकारियों के मुताबिक, हमला कुलगाम के मीर बाजार के पास स्थित सीआरपीएफ शिविर में हुआ। उस समय जवान इलाके में गश्त और सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में घायल तीनों जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
इलाके की घेराबंदी, हमलावरों की तलाश जारी
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं।
पिछले महीने छत्तीसगढ़ में भी घायल हुए थे CRPF अधिकारी
इससे पहले पिछले महीने छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अलार्मेडगु शिविर में विस्फोटकों को निष्क्रिय करने के दौरान आईईडी विस्फोट हुआ था। इस घटना में सीआरपीएफ के चार अधिकारी घायल हो गए थे।



