
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर बीजेपी की सामाजिक संपर्क बैठक शुरू हो गई है। बैठक का स्लोगन ‘अनेक समाज, एक परिवार’ रखा गया है। इसकी अध्यक्षता डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह कर रहे हैं। राजभवन कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर आयोजित इस बैठक में प्रदेश के अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
बैठक में धारकर, सोनकर, धानुक और स्वर्ण समाज समेत कई समुदायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बीजेपी के पूर्व सांसद विनोद सोनकर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। बैठक में उत्तर प्रदेश के विकास, सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न समाजों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
’25 करोड़ लोगों का परिवार है उत्तर प्रदेश’
बैठक को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ लोगों का एक बड़ा परिवार है। पिछले 10 वर्षों में प्रदेश ने विकास की नई कहानी लिखी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफलता हासिल की है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया गया है। ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के आधार पर गरीब कल्याण की योजनाओं ने हर परिवार का विश्वास जीता है।
तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का दावा
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी समाजों के लोग परिवार की तरह बैठकर चर्चा करेंगे और सामूहिक भोजन भी करेंगे।
सपा की प्रत्याशी सूची पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सूची पर भी ब्रजेश पाठक ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की सूची तुष्टीकरण की राजनीति के तहत जारी की गई है। पाठक ने कहा कि सपा का सर्व समाज से कोई लेना-देना नहीं है और उसने सभी समाजों के बीच अपना महत्व खो दिया है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी जन-जन की पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी समाजों का आशीर्वाद मिल रहा है।



