हाथरस/सादाबाद। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के निकट सुबह करीब 4 बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक निजी डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
Read It Also :- Gold Silver Price: ईरान–इजरायल तनाव से सर्राफा बाजार में उछाल, सोना ₹8 हजार से ज्यादा महंगा, चांदी में ₹23 हजार की तेजी
हादसे में ईको वैन में सवार 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में विजय (30), पिंकी (38), नाथू देवी (65), दिनेश (55), सुनीता (51) और लोकेश (35) शामिल हैं। अधिकांश मृतक और घायल धौलपुर (राजस्थान) के राजाखेड़ा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे गए हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
बताया जा रहा है कि ईको वैन में सवार सभी लोग दिल्ली से राजस्थान के राजाखेड़ा की ओर जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



