गंगा पुल पर मिली साइकिल, दुपट्टा और चप्पल; कक्षा 9 की छात्रा के नदी में डूबने की आशंका, तलाश जारी

हरदोई। जिले के अरवल थाना क्षेत्र में गंगा नदी के पुल पर एक छात्रा की साइकिल, दुपट्टा और चप्पल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। छात्रा के गंगा नदी में डूबने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम मंसूरपुर निवासी वंदना (पुत्री गुड्डू) बिना किसी को बताए साइकिल लेकर घर से निकल गई थी। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुसुमखोर गंगा पुल पर उसकी साइकिल, दुपट्टा और चप्पल पुल के किनारे रखे हुए हैं।

यह जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना अरवल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद गोताखोरों को बुलाकर गंगा नदी में छात्रा की तलाश शुरू करवाई गई।

बताया जा रहा है कि लापता छात्रा वंदना जनता इंटर कॉलेज पुरसौली में कक्षा 9 की छात्रा थी। वह अपनी मां अनीता के साथ दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ समय से उसका मानसिक उपचार सांडी में चल रहा था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी।

फिलहाल पुलिस और गोताखोरों की टीम गंगा नदी में छात्रा की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में चिंता का माहौल है।

Related Articles

Back to top button