
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित सप्तसागर दवा मंडी इलाके में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विदेशी युवक ने अचानक सड़क पर दौड़ते हुए एक मकान में घुसकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। युवक की हरकतों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विदेशी युवक असामान्य व्यवहार कर रहा था। वह बिना अनुमति एक मकान में घुस गया और वहां मौजूद लोगों को परेशान करने लगा। घर के लोगों और आसपास के लोगों ने उसे शांत कराने और बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
इसी दौरान जब एक स्थानीय युवक ने उसे रोकने की कोशिश की तो विदेशी युवक ने उसके हाथ में दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन विदेशी युवक पुलिस के साथ भी अभद्रता करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह लगातार “गो बैक… गो बैक…” चिल्लाते हुए पुलिसकर्मियों का विरोध करता रहा और उन्हें सहयोग नहीं किया।
विदेशी युवक के लगातार आक्रामक रवैये से नाराज मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस ने किसी तरह उसे भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने कब्जे में लिया।
विदेशी युवक की मानसिक और शारीरिक स्थिति को देखते हुए पुलिस उसे उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां उसे भर्ती कराया गया। घायल स्थानीय युवक का भी उपचार कराया गया है।
पुलिस विदेशी युवक की पहचान, उसके भारत आने के उद्देश्य, वीजा संबंधी दस्तावेजों तथा उसकी मानसिक स्थिति की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वह किसी नशे के प्रभाव में था या किसी अन्य कारण से असामान्य व्यवहार कर रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।



