कुशीनगर । खरीफ फसलों की बुआई और टॉप ड्रेसिंग के के चालू मौसम में रासायनिक उर्वरकों की किल्लत से बेहाल किसानों को ढाढस बंधाने वाली खबर है कि जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार है और गोदाम भरे हुए हैं । यह दावा जिला प्रशासन की ओर से जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने किया है । उन्होंने कहा है कि जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। किसानों को किसी प्रकार की घबराहट में आने यानी पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है।
जिला कृषि अधिकारी विभाग के अनुसार वर्तमान में 16,587 मीट्रिक टन यूरिया , 6,209 मीट्रिक टन डीएपी और 7,563 मीट्रिक टन एनपीके जिले के विभिन्न बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध है। इसके अलावा सहकारी समितियों के गोदामों में भी पर्याप्त मात्रा में फास्फेटिक व नेत्रजनिक उर्वरक भंडारित हैं जो किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा सकेगा । जिला कृषि अधिकारी के अनुसार 1,607.20 मीट्रिक टन यूरिया सहकारी समितियों को आवंटित किया गया है, जिसमें से 1,351 मीट्रिक टन यूरिया विभिन्न समितियों तक पहुंच चुका है। गत 18 जुलाई को उर्वरकों की नई खेप आयी है । देवरिया रैक प्वाइंट पर पहुंची इस नई खेप में से इस जिले के लिए 1,539 मीट्रिक टन यूरिया प्राप्त हुआ है । इसमें से भी 328 मीट्रिक टन विभिन्न समितियों को भेजा जा चुका है तथा शेष 1,211 मीट्रिक टन का वितरण तेजी से कराया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा है कि किसानों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों का वितरण कराया जा रहा है। विभागीय पोर्टल के माध्यम से खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि कहीं भी कृत्रिम अभाव या कालाबाजारी की स्थिति न पैदा होने पाए।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार नजदीकी सहकारी समिति, निजी उर्वरक विक्रेता अथवा पीसीएफ केंद्रों से आधार कार्ड के माध्यम से खाद प्राप्त करें। किसी भी किसान को खाद की उपलब्धता में समस्या आने पर वह कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 9458065687 पर लिखित शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायतों का त्वरित निस्तारण किए जाने का आश्वासन भी उन्होंने दिया है।



