वाराणसी में फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़: ‘शुभ मैट्रिमोनियल’ के नाम पर साइबर ठगी करने वाली 10 महिलाएं गिरफ्तार

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम सेल की प्रतिबिंब टीम और थाना कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मैरिज ब्यूरो के नाम पर संचालित एक फर्जी महिला कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने “ऑपरेशन Cy-Vazra” के तहत कार्रवाई करते हुए कथित रूप से Shubhmatrimonial के नाम पर लोगों से आजीवन सदस्यता  के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू काद्यान एवं अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर नोडल) नृपेन्द्र के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ थाना कैंट में मु.अ.सं. 377/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ऐसे करते थे साइबर फ्रॉड

जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न समाचार पत्रों में विवाह योग्य युवक-युवतियों के आकर्षक और भ्रामक विज्ञापन प्रकाशित कराते थे। विज्ञापन में नाम, उम्र, जाति, शिक्षा, नौकरी और वेतन जैसी काल्पनिक जानकारी देकर अपना मोबाइल नंबर जारी किया जाता था। संपर्क करने वाले लोगों को स्वयं को Shubhmatrimonial का प्रतिनिधि बताकर आजीवन सदस्यता के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराया जाता था। पैसा मिलने के बाद न तो वास्तविक वैवाहिक जानकारी उपलब्ध कराई जाती थी और न ही सदस्यता शुल्क वापस किया जाता था। बाद में शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।

देशभर से मिली शिकायतें

पुलिस के अनुसार, बरामद पासबुक और चेकबुक की जांच में हरियाणा, राजस्थान, गौतमबुद्ध नगर, तेलंगाना और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की 10 शिकायतें सामने आई हैं। प्रत्येक मामले में ₹3,000 से ₹7,000 तक की धोखाधड़ी की गई थी।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, तीन चेकबुक, एक पासबुक, पांच डेबिट कार्ड, तीन क्यूआर कोड, एक पेमेंट साउंड बॉक्स, चार बिल वाउचर, दो रजिस्टर, रेंट एग्रीमेंट, उद्यम रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज तथा Shubhmatrimonial के रजिस्ट्रेशन फॉर्म बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी मैरिज ब्यूरो या ऑनलाइन सेवा में पंजीकरण कराने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button