खड्डा/कुशीनगर। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड के खड्डा रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह गोरखपुर की ओर से आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। खड्डा रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह गोरखपुर की ओर से आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस के धीमी होने के दौरान एक युवक चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव हुआ। युवक की पहचान नहीं हो सकी है युवक बोहोशी हालत में अस्पताल ले जाया गया। घटना के समय प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पूर्णिया एक्सप्रेस खड़ी थी, जबकि मेन लाइन पर एक मालगाड़ी भी मौजूद थी। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लाइसेंसी वेंडर अब्दुल्लाह और हेमा ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को रेलवे ट्रैक से निकालकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया तथा तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया



