सीतापुर| नोएडा में फर्जी नाम और पहचान के सहारे कई महिलाओं से शादी करने के आरोप में एक युवक की गिरफ्तारी के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब सीतापुर की सेउता विधानसभा से बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी अपनी बेटी के साथ मीडिया के सामने आए। उन्होंने पूरे मामले पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की और उसके परिवार से सभी रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया।
बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने सामाजिक परंपराओं के अनुसार अपनी बेटी का विवाह किया था। उस समय उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि समधी पक्ष पर भविष्य में इस तरह के गंभीर आरोप सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि एक पिता होने के नाते यह घटना उन्हें बेहद आहत करने वाली है और परिवार गहरे मानसिक आघात से गुजर रहा है।
विधायक ने कहा कि उनकी बेटी एक डॉक्टर है, आत्मनिर्भर है और वह हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के साथ कथित रूप से धोखा और उत्पीड़न हुआ है, उन्हें शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। ऐसे मामलों में कानून को पूरी सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। विधायक ने आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग करते हुए कहा कि बेटियों का विश्वास तोड़ने वालों के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।



