हरदोई। महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बालेवाड़ी में 14 से 16 अगस्त तक आयोजित ‘मिनी ऑरेंज आईटीएफ नेशनल एज ग्रुप ट्रायथलॉन चैंपियनशिप’ में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश पुलिस रेडियो मुख्यालय में नियुक्त एवं वर्तमान में गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन में सेवारत अमित कुमार सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। अमित कुमार सिंह मूल रूप से हरदोई के ग्राम जाजूपुर, अतरौली के निवासी हैं।
ट्रायथलॉन की कठिन स्पर्धा में 750 मीटर तैराकी, 20 किलोमीटर साइकिलिंग और 5 किलोमीटर दौड़ बिना किसी ब्रेक के पूरी करनी होती है। अमित ने तैराकी चरण 21 मिनट 26 सेकंड में पूरा किया। शुरुआती चरण में पीछे रहने के बावजूद उन्होंने साइकिलिंग में 36 मिनट 17 सेकंड और रनिंग में 25 मिनट 36 सेकंड के दमदार प्रदर्शन से शानदार वापसी की।
अमित ने 1 घंटा 27 मिनट 01.62 सेकंड के कुल समय के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी तेज रफ्तार और जबरदस्त सहनशक्ति ने उन्हें महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों से आगे पहुंचाया।
अपनी उपलब्धि पर अमित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा और शासकीय दायित्वों के व्यस्त कार्यक्रम के बीच राष्ट्रीय स्तर की तैयारी चुनौतीपूर्ण थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश टीम में चयन, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन एसोसिएशन के महासचिव संदीप मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सोनकर का विशेष आभार जताया। साथ ही गृह विभाग, पुलिस रेडियो मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, कोच, परिवार और सहयोगियों को धन्यवाद दिया।
28 वर्षों बाद यूपी के नाम दर्ज हुआ ऐतिहासिक गौरव
उत्तर प्रदेश ट्रायथलॉन के इतिहास में इससे पहले वर्ष 1996 में इंदौर में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में श्रीमती सृष्टि धवन ने कांस्य पदक जीता था। लंबे अंतराल के बाद राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के खिलाड़ी द्वारा पदक हासिल करना पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
अमित कुमार सिंह की इस राष्ट्रीय उपलब्धि से पुलिस विभाग, खेल प्रेमियों, सहकर्मियों और उनके गृह जनपद हरदोई में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता ने प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा दी है।



