बड़हलगंज | अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश ने गोला तहसील प्रशासन के साथ बड़हलगंज कछार के टापू बने ज्ञानकोल गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील प्रशासन के साथ नाव से पहुंचे एडीएम ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं पूछी। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि राशन, दवा कौन बांटता है, ग्रामीणों ने बताया कि डेरवा अस्पताल के लोग सप्ताह में एक बार आकर दवा देते है। ग्रामीणों ने बताया कि ज्ञानकोल के बेघर हुए लोगों को तहसील प्रशासन ने बरडीहा के पास जमीन आवंटित की है, लेकिन ग्रामीण जाने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों के अनुसार आवंटित जमीन भी लो लैंड है, वहां भी बाढ़ आने की संभावना है। एडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि कोई भी दिक्कत या परेशानी हो तो वह तत्काल एसडीएम व तहसीलदार को बताएं आपकी समस्या का हल किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी के साथ एसडीएम मनीष कुमार, तहसीलदार सतेंद्र कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार जयप्रकाश एवं पटना प्रशासक संजय गुप्ता मौजूद रहें।



