
कसया, कुशीनगर। क्षेत्र स्थित नवल एकेडमी इंटर कॉलेज में बुधवार को कसया पुलिस टीम द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कसया थाने की सब-इंस्पेक्टर प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में पहुँची पुलिस टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्रों और छात्राओं से अलग-अलग बातचीत की। सब-इंस्पेक्टर प्रियंका तिवारी ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, ओवर स्पीडिंग (तेज रफ्तार) से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। इसके साथ ही, वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
वहीं, छात्राओं से अलग से संवाद कर पुलिस अधिकारियों ने विद्यालय आते-जाते समय रास्ते में होने वाली समस्याओं और असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पन्न की जाने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। पुलिस टीम ने छात्राओं को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और अपनी सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले जरूरी कदमों से अवगत कराया, ताकि वे बेझिझक अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
जागरूकता कार्यक्रम के समापन के बाद पुलिस टीम ने सपहा रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट पहने और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों को रोककर यातायात नियमों के तहत वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. आर. एन. पांडे, अनिल मिश्रा, अजीत श्रीवास्तव, राजरतन यादव, अश्विनी जायसवाल, श्रीमती रंभा कुशवाहा और श्रीमती रजनी राय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।



