जलभराव पर अलर्ट मोड में रहें अधिकारी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : ए.के. शर्मा

नगर विकास मंत्री ने सर्किट हाउस में की समीक्षा बैठक, जल निकासी की नियमित निगरानी और जर्जर विद्युत तार तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को सर्किट हाउस में नगर निगम, जल निगम और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और अलर्ट मोड में रहकर युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने के साथ-साथ समस्या के स्थायी समाधान पर भी काम किया जाए। जिन स्थानों पर जल निकासी के लिए नई परियोजनाओं की आवश्यकता है, वहां शीघ्र कार्यवाही शुरू की जाए। उन्होंने भविष्य में जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

निकासी मार्ग में अवरोध पर सख्ती

जल निकासी मार्गों में जानबूझकर अवरोध पैदा किए जाने की घटनाओं पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्वेषवश गिट्टी की बोरियां अथवा अन्य सामग्री डालकर जल निकासी बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जल निकासी मार्गों की नियमित निगरानी करने और अवरोध मिलने पर उसे तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए गए।

जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान ए.के. शर्मा ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जर्जर और लटके हुए विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा विद्युत सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंत्री ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

देर रात जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे थे मंत्री

इससे पहले मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार देर रात जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया था। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया और स्वच्छता व्यवस्था में उनके योगदान की सराहना की।

बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी संदीप कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत नगर निगम, जल निगम और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button