वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अंग्रेजी एवं अन्य विदेशी भाषा विभाग तथा रूस के कोजमा मिनिन स्टेट पेडागॉज़िकल यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में रूसी भाषा एवं संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रूस के विशेषज्ञ अध्यापिकाओं प्रो. नतालिया एवं डॉ. दारिया के मार्गदर्शन में विशेष सत्रों का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में रूस की विशेषज्ञों ने शनिवार को इतिहास विभाग एवं बौद्ध अध्ययन केंद्र का भ्रमण किया। इस दौरान विभागीय लाइब्रेरी में मौजूद अनेक पुस्तकों को देखा एवं जानकारी एकत्रित की। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, राम मंदिर अयोध्या, नमोघाट, धमेख स्तूप एवं विभिन्न मॉडलों को भी देखा और उसकी सराहना की। बौद्ध अध्ययन केंद्र में मौजूद अनेक मूल ग्रंथों पर भी उन्होंने जानकारी एकत्रित की। साथ ही उन्होंने पाली ग्रंथों को रूसी भाषा में अनुवाद करने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रो. आनंद शंकर चौधरी, अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीरज धनकड़, डॉ. किरण सिंह, डॉ. अंजना वर्मा, डॉ. अंजू सिंह, डॉ. सारिका गौतम, डॉ. जावेद आदि उपस्थित रहे।



