खड्डा (कुशीनगर)। गोवंशी पशुओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खड्डा और नेबुआ नौरंगिया थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिकअप वाहन से अवैध रूप से ले जाए जा रहे छह गोवंशीय पशुओं को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन, लोहे का बांका, लकड़ी का गोलाकार ठीहा, रस्सी, दो मोबाइल फोन और 330 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी खड्डा अजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में गोवंशीय पशुओं की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22/23 सितंबर की मध्यरात्रि खड्डा थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर खड्डा और नेबुआ नौरंगिया थाने की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध टाटा मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से छह गोवंशीय पशु बरामद हुए। पुलिस ने मौके से विवेक साहनी पुत्र घूरा साहनी, निवासी जंगल सिगहापट्टी बासी टोला, थाना कोतवाली पडरौना तथा मुस्तफा अंसारी पुत्र स्व. असगर अंसारी, निवासी दहवा, थाना धनहा, जनपद पश्चिमी चंपारण, बिहार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खड्डा में मु0अ0सं0 212/2026, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुस्तफा अंसारी के खिलाफ पूर्व में भी पशु तस्करी एवं अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विवेक साहनी के खिलाफ भी थाना नेबुआ नौरंगिया में गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली टीम में नेबुआ नौरंगिया के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे, खड्डा थानाध्यक्ष संदीप सिंह, उपनिरीक्षक संतराज यादव, धर्मेन्द्र सोनी, अतुल तिवारी, हेड कांस्टेबल विजय बहादुर सिंह, कांस्टेबल अमित यादव और आकाश यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।



