मिशन शक्ति ,आठ महिलाओं को सम्मानित कर अफसरों ने बढ़ाया हौसला

एसडीएम कुणाल गौरव और सीओ जयंत यादव ने प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर किया सम्मानित, सुरक्षा-सम्मान के साथ आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

फाजिलनगर (कुशीनगर) महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को पटहेरवा थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सम्मान और प्रोत्साहन की पहल से महिलाओं का उत्साह बढ़ाया गया। तहसील क्षेत्र के चार थाना क्षेत्रों की आठ महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एसडीएम तमकुहीराज कुणाल गौरव और सीओ तमकुहीराज जयंत यादव ने सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना सशक्त और जागरूक समाज की कल्पना अधूरी है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ ही आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उनका सम्मान और सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।पटहेरवा थानाध्यक्ष अरुण सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।

समारोह ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि महिलाओं को सम्मानित करना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास को मजबूती देने और समाज में सकारात्मक बदलाव की राह खोलने का माध्यम है। जरूरत इस बात की है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का यह संदेश समारोहों से निकलकर समाज की सोच और व्यवहार का हिस्सा बने।आठमहिलाओं का सम्मान, नारीसशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button