Saturday , April 20 2024

अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति होंगे डोनाल्ड ट्रंप, हिलेरी को 276 वोट से हराया

trumpनई दिल्ली । रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति होंगे। ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट हिलेरी क्लिंटन को 276 वोट से मात दी है।

चुनाव  नतीजे आने के बाद ट्रंप ने अपने पहले भाषण में हिलेरी की मेहनत और अमेरिका के लिए किए गए उनके काम के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।

उन्होंने एलान किया कि वो सबके साथ दोस्ती रखेंगे और दुश्मन को भी दोस्त बना लेंगे। लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने ऐसे बयान दिए जो सुर्खियों में रहे थे।

चुनाव प्रचार के दौरान 10 विवादित बयान-

1. ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि दुनियाभर के चौथाई से भी ज्यादा मुसलमान आतंकवादी हैं। ट्रंप ने एक सवाल के जवाब में कहा था, ‘कम से कम 27 फीसदी मुस्लिम आतंकी गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं। अगर युद्ध जैसी नौबत आई तो यह संख्या 35 फीसदी तक हो सकती है। नफरत बढ़ती जा रही है।’

2.ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को आतंकी संगठन आईएसआईएस का संस्थापक करार दिया था। ट्रंप ने कहा कि ओबामा की नीतियों से इराक में सत्ता की ताकत खत्म हो गई जिसके कारण वहां चरमपंथी ताकतों को पनपने का मौका मिला। जब ओबामा ने इराक से अमेरिकी फौजों को वापस बुलाने की घोषणा की तो वहां पर अस्थिरता और बढ़ गई। इसी का फायदा उठाकर आईएस वहां पर खड़ा हो गया।

3.ट्रंप ने पोप को लेकर भी विवादित बयान दिया था। ट्रंप ने कहा था, ‘अगर कभी आईएसआईएस वेटिकन पर हमला करेगा, तो मैं यकीन दिलाता हूं कि पोप खुद भी सिर्फ यही प्रार्थना करेंगे कि काश, डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति होते।’

4. ट्रंप ने अमेरिका की आंखों की किरकिरी बने उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की तारीफ में कसीदे गढ़े थे। ट्रंप ने सवालिया अंदाज में कहा था, ‘कितने लोग हैं जो 25 साल की उम्र में अपने पिता की मौत के बाद भी इतने सख्त बन सकते हैं। वे वाकई अद्भुत हैं और पता नहीं यह कैसे करते हैं। आपको उन्हें इसके लिए क्रेडिट देना चाहिए।’

5. ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने पर अमेरिका में मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात भी कही थी। इसके अलावा उनकी रैलियों से कई बार मुस्लिम और सिख समुदाय के लोगों से बदसलूकी के उदाहरण सामने आ चुके हैं। एक मुस्लिम महिला को ट्रंप की रैली से धक्के मारकर बाहर निकाल दिया गया था।

6. ट्रंप ने अपनी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन को पागल करार दिया था। ट्रंप ने कहा था कि पूर्व विदेशमंत्री दिमागी तौर पर राष्ट्रपति बनने लायक नहीं हैं। ट्रंप ने हिलेरी को झूठी और डरावनी महिला भी करार दिया था।

7. ट्रंप ने प्रचार अभियान के दौरान रूस से हिलेरी का ईमेल अकाउंट हैक करने को कहा था। ट्रंप ने कहा था, ‘ मुझे उम्मीद है कि रूस हिलेरी क्लिंटन का एकाउंट हैक करके संवेदनशील 30000 ईमेल्स डिलीट कर सकेगा।’

8.ट्रंप ने चीन की व्यापार नीतियों की आलोचना करते हुए कहा था, ‘चीन अमरीका का ‘रेप’ करता रहे, अब हम इसकी इजाजत नहीं दे सकते। लेकिन अब तक यही होता आया है।’

9. ट्रंप ने प्रचार अभियान के दौरान कहा था, ‘बिल क्लिंटन ओवल ऑफिस में बैठने वाले महिलाओं के अब तक के सबसे बड़े यौन दुराचारी थे। वह एक शिकारी थे।’ ट्रंप ने कहा था कि हिलेरी क्लिंटन अपने पति के इस आचरण के बारे में जानती थीं, लेकिन उसे रोकने की जगह उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति को और अधिक महिलाओं का फायदा उठाने दिया।

10. मेक्सिको को लेकर ट्रंप ने कहा था, ‘मैं अमेरिका के दक्षिणी सीमा पर ग्रेट वॉल बनाउंगा। इसके लिए मेक्सिको को भुगतान करना होगा। मुझसे बेहतर कोई दूसरा ग्रेट वॉल नहीं बना सकता।’

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com