बहराइच, 15 मई।
जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कटान निरोधक परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए बाढ़ प्रभावित गांवों की सुरक्षा को लेकर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। तहसील नानपारा के सरयू नदी के बायें तट पर चल रही दो बड़ी परियोजनाओं के स्थल पर पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों को 5 जून 2025 तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पहली परियोजना ग्राम समूह—पतरहिया, बोटनपुरवा, बगियापुरवा एवं भगईदासपुरवा की सुरक्षा हेतु संचालित है। अधिशासी अभियंता सरयू ड्रेनेज खण्ड प्रथम जे.पी. वर्मा ने बताया कि परियोजना की लागत ₹445 लाख है और इसका कार्य 5 अप्रैल से शुरू हुआ है। इसमें 800 मीटर स्लोप पिचिंग और 985 मीटर में परक्यूपाइन की तीन पंक्तियाँ लगाने का कार्य प्रस्तावित है। अभी तक 350 मीटर कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
Read it also : मंत्री का दो दिनी दौरा, तिरंगा यात्रा और जनसुनवाई से जुड़ी खास योजना
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पिचिंग कार्य की माप की जांच कराई, जो संतोषजनक पाई गई। उन्होंने अधिशासी अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना हर हाल में 5 जून तक पूरी होनी चाहिए, और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
इसके बाद डीएम ने दूसरी परियोजना—सरैया, महौली शेरखाँ, भौरहवा, तकिया, गुरहवा व मुन्नीपुरवा की सुरक्षा हेतु चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस परियोजना की लागत ₹417.30 लाख है। इसमें 910 मीटर की स्लोप पिचिंग और परक्यूपाइन से कटाव रोकने का कार्य प्रस्तावित है। अभी तक 490 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है, यानी लगभग 40% काम हो चुका है।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकतानुसार मैनपावर और संसाधन बढ़ाकर समस्त कार्य तय समयसीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर जियो ट्यूब की मदद से अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्रामीणों से भी संवाद किया। उन्होंने पूर्व बाढ़ से हुई क्षति, मुआवज़ा वितरण, आवास, पेंशन, खाद्यान्न आपूर्ति, स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा, व पंचायत भवन से मिलने वाली सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। मौके पर ही जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि पंचायत सचिवालय नियमित खुले रहें व ग्राम पंचायत अधिकारी ग्रामवासियों को आवश्यक सेवाएं प्रदान करें।
इस अवसर पर बाढ़ खंड के सहायक अभियंता विशाल और अवर अभियंता आशुतोष शर्मा भी मौजूद रहे।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link