किसान आंदोलन : लाल किले पर चढ़ने वाला जसप्रीत गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने स्वरूप नगर इलाके से जसप्रीत सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया है। 29 वर्षीय जसप्रीत सिंह तलवारबाजी करने वाले मनिंदर सिंह के साथ लाल किला गया था। वहां पर वह हाथ में तलवार लहराता हुआ देखा गया था। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, लाल किला हिंसा मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुछ दिन पहले स्वरूप नगर निवासी मनिंदर सिंह उर्फ मोनी को गिरफ्तार किया था। उसे स्पेशल सेल ने पकड़कर क्राइम ब्रांच के हवाले किया था।
पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया था कि वह अपने साथ पांच अन्य लोगों को लेकर दो बाइक से लाल किला गया था। इनमें स्वरूप नगर का रहने वाला जसप्रीत सिंह भी शामिल था। 29 वर्षीय जसप्रीत सिंह लाल किले पर उसके साथ मौजूद था और वहां पर तलवार लहराते हुए भी देखा गया था।
पुलिस के अनुसार, फुटेज की मदद से पुलिस ने उसकी पहचान करने के बाद उसकी तलाश में छापेमारी शुरू की। इस बीच एक गुप्त सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभी तक 26 जनवरी हिंसा मामले में 145 से ज्यादा आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।