Sunday , April 21 2024

मैनपुरी में दबंगों का नंगनाच, महिला को छेड़खानी के बाद लहूलुहान किया

llमैनपुरी/लखनऊ। सैफई से मात्र 20 किलोमीटर दूर मैनपुरी जिले में दबंगों ने एक महिला के साथ सरेआम नंगनाच किया।

आनंद यादव और उसके साथियों ने महिला से छेड़छाड़ की जिसका विरोध करने पर इन गुण्डों ने महिला और उसके पति को लाठियों से पीटा और उसकी बच्ची को जमीन पर पटक दिया।

उनकी हैवानियत यहीं नहीं थमी, उन्होंने महिला का दुपट्टा खींचा और उसका कुर्ता फाड़कर निर्वस्त्र करने की कोशिश भी की। इससे भी शर्मनाक बात यह कि यह सबकुछ सैकड़ों लोगों के सामने हुआ।

घटना के कुछ ही देर बाद पहुंची पुलिस ने भी पीड़ित को कोई मदद देने की बजाय जमीन पर पटकी गई बच्ची को एक हाथ से पकड़कर लाश की तरह उठाया। बच्ची बेतहाशा रो रही थी लेकिन किसी भी पुलिस कर्मी को बच्ची और उसके माता-पिता पर दया नहीं आई।

मामला मैनपुरी के किशनी क्षेत्र का है। यहां के निवासी अरविंद तिवारी अपनी पत्नी वंदना के साथ दोपहर के समय एक दुकान का पता पूछ रहे थे। तभी क्षेत्र के आनंद यादव से महिला का विवाद हो गया।आनंद यादव ने वंदना के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। आरोप है कि दबंग ने पहले वंदना का दुपट्टा खींचा और फिर उसे बांहों में भरने की कोशिश की।

दंपति ने जब इसका विरोध किया तो आनंद ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर पति-पत्नी की जमकर पिटाई की। जब घटना का पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी वहां से भाग गए।

किशनी पुलिस ने महिला का मेडिकल करा कर तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और दो आरोपी फरार हैं। उधर, मैनपुरी की घटना में यूपी के सीएम दफ्तर ने डीजीपी को सख्‍त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, डीजीपी ने एसपी से इस पर सफाई मांगी है।

 

 वंदना को न्याय दिलाने को BJP करेंगी सड़क पर आंदोलन

किशनी में दबंगों की पिटाई की शिकार महिला को न्याय दिलाने के लिए भाजपा ने हुंकार भरी है। गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाति सिंह ने पीडि़ता से मुलाकात कर जानकारी ली।

साफ कहा कि सपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पीडि़ता को मुकदमा वापस न लेने पर तेजाब फेंकने और जान से मारने की धमकी मिल रही है। यदि महिला को न्याय नहीं मिला, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

किशनी निवासी महिला से सोमवार को दबंगों ने सरेराह मारपीट की थी। महिला से छेड़छाड़ के साथ ही जमकर पीटा था और उसके कपड़े फाड़ दिए थे। मामला सुर्खियों में आया तो भाजपा ने महिला को न्याय दिलाने को हुंकार भरी।

प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर गुरुवार को पांच सांसदों का दल आना था, लेकिन सांसद किन्हीं कारण से नहीं पहुंच सकीं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष स्वाति ने ब्रज क्षेत्र के कई नेताओं के साथ कोर्ट परिसर में पीडि़ता से मुलाकात की।

पीडि़ता ने बताया कि किस तरीके से दंपती पर जुल्म ढाया। कहा कि आरोपी के परिचित मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने और तेजाब फेंकने की धमकी दे रहे हैं।

स्वाति सिंह ने कहा कि पीडि़ता तीनों हमलावरों को पहचानती थी, फिर भी पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इससे साबित होता है कि पुलिस आरोपियों को बचाने का काम प्रयास कर रही है। आरोपियों की धमकी से पीडि़ता काफी डरी और सहमी है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com